सार
‘मिस्टर एंड मिसेज माही’ की अभिनेत्री ने एक दिलचस्प खुलासा किया है कि उन्हें शुरू में क्रिकेट बिल्कुल भी पसंद नहीं था, क्योंकि उनके पिता बोनी कपूर काम से घर वापस आने पर क्रिकेट देखने बैठ जाते थे। अभिनेत्री को लगता था कि वह क्रिकेट की वजह से उनकी बात नहीं सुनते।
इन दिनों अभिनेत्री जान्हवी कपूर और अभिनेता राजकुमार राव अपनी आगामी फिल्म ‘मिस्टर एंड मिसेज माही’ के प्रमोशन में जोर-शोर से लगे हुए हैं। एक प्रचार कार्यक्रम के दौरान दोनों ने फिल्म के बारे में बातचीत की और अपने अनुभवों को साझा किया। उन्होंने खुलासा किया कि किस तरह वह अपने किरदारों के लिए तैयार हुए और उन्हें किन चुनौतियों का सामना करना पड़ा। इस दौरान जान्हवी कपूर ने अपने बचपन का एक दिलचस्प किस्सा भी साझा किया। उन्होंने बताया कि उनके पिता बोनी कपूर क्रिकेट के बहुत बड़े प्रशंसक थे और वह जान्हवी को समय देने के बजाय क्रिकेट मैच देखा करते थे।
दो साल से फिल्म के लिए जान्हवी कर रही थीं तैयारी
साक्षात्कार के दौरान जान्हवी ने बताया कि इस फिल्म के लिए वह दो साल से तैयारी कर रही थीं। उन्होंने कहा, ‘मैं ‘मिली’ फिल्म के दौरान से ही इसकी तैयारी कर रही थी। फिल्म के निर्देशक शरन शर्मा मुझे एक क्रिकेटर के रूप में देखना चाहते थे। वह इसमें किसी भी तरह का वीएफएक्स का उपयोग नहीं करना चाहते थे।’
Sci-Fi Films: साइंस फिक्शन पर बनी हैं ये फिल्में, दमदार कहानी और विज्ञान का प्रयोग देख चकराया दर्शकों का सिर
ट्रेनिंग के दौरान चोटिल हो गई थीं अभिनेत्री
अभिनेत्री ने आगे कहा कि ट्रेनिंग के दौरान वह कई बार घायल भी हो गई थीं। उनके कंधे में चोट आ गई थी। हालांकि, इसका श्रेय उन्होंने अपने कोच और निर्देशक को दिया है। उन्होंने कहा कि इन लोगों ने उनका बहुत सहयोग किया। इस दौरान अभिनेता राजकुमार राव ने भी अपने अनुभवों को साझा किया।
जान्हवी को नहीं पसंद था क्रिकेट
बातचीत के दौरान अभिनेत्री ने खुलासा किया कि वह शुरू से क्रिकेट की प्रशंसक नहीं रही हैं। उन्होंने कहा, मैं खेल के बारे में बहुत कम जानती हूं। मेरे लिए यह मेरे पिता का समय लेने वाली चीज की तरह ही था। वह जब भी काम पर से घर लौटते थे, टीवी के सामने बैठ जाते थे और क्रिकेट देखने लगते थे। वह मेरी किसी बात का जवाब भी नहीं देते थे और टीवी से चिपके रहते थे। एक बच्ची होने के कारण मैं इससे बहुत चिढ़ जाती थी। मुझे लगता था क्रिकेट की वजह से वह मुझपर ध्यान नहीं देते हैं। खेल से सिर्फ मेरा इतना ही रिश्ता था।’ बता दें कि जान्हवी कपूर और राजकुमार राव की आगामी फिल्म ‘मिस्टर एंड मिसेज माही’ 31 मई को रिलीज हो रही है।
वेस्टर्न साड़ी ड्रेस में रैंप पर चलीं उर्फी जावेद!