सौंदर्या जगदीश के दोस्त श्रेयस ने बताया है कि उनका निधन आत्महत्या के चलते हुआ है। उन्हें अस्पताल ले जाया गया था, जहां डॉक्टरों ने जगदीश को मृत घोषित कर दिया था।
फिल्म जगत से एक बहुत बुरी खबर सामने आ रही है। कन्नड़ फिल्म निर्माता सौंदर्या जगदीश का निधन हो गया है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, उन्होंने आत्महत्या की है। कहा जा रहा है कि जगदीश ने रविवार सुबह महालक्ष्मी लेआउट स्थित अपने घर में आत्महत्या करके अपनी जान ले ली।
विज्ञापन
आत्महत्या का कारण जानने की कोशिश जारी
पुलिस इस मामले में जांच कर रही है। वहीं, मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, सौंदर्या जगदीश के दोस्त श्रेयस ने बताया है कि उनका निधन आत्महत्या के चलते हुआ है। उन्हें अस्पताल ले जाया गया था, जहां डॉक्टरों ने जगदीश को मृत घोषित कर दिया था। उन्होंने बताया कि आत्महत्या की वजह जानने की कोशिश की जा रही है। जगदीश को स्वास्थ्य से जुड़ी कोई समस्या नहीं थी।
क्या बैंक का नोटिस है आत्महत्या की वजह?
निर्माता सौंदर्या जगदीश के पास कुछ दिन पहले ही बैंक की ओर से एक नोटिस आया था। जगदीश के दोस्त से जब पूछा गया कि क्या बैंक नोटिस और आत्महत्या का आपस में कोई संबंध है तो उन्होंने इसे खारिज कर दिया। उन्होंने कहा नोटिस वाला मामला कुछ समय से चल रहा था, लेकिन बिजनेस के मुद्दे अलग हैं।
कार्डियक अरेस्ट की बात हुई खारिज
जगदीश के दोस्त ने बताया कि मामला सामने आते ही पुलिस को सूचना दे दी गई थी। उनकी मौत को कार्डियक अरेस्ट से जोड़ा जा रहा था, जिसे नकार दिया गया। दोस्त ने आगे कहा कि जगदीश ने फांसी लगाकर आत्महत्या करने की कोशिश की थी।
कौन है सौंदर्या जगदीश?
सौंदर्या जगदीश व्यवसायी और फिल्म निर्माता थे। वे एक पब के भी मालिक थे। मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो कुछ दिन पहले ही उनका पब एक पार्टी के चलते विवाद से घिर गया था। इसके बाद पब के लाइसेंस को अस्थायी रूप से रद्द कर दिया गया था। उनके द्वारा निर्मित प्रमुख फिल्मों में 'अप्पू पप्पू', 'रामलीला', 'स्नेहितरु' और 'मस्त मजा मादी' शामिल है।