कब और कहां होगी रिलीज?
फिल्म 'भारत भाग्य विधाता' की ओटीटी रिलीज डेट से पर्दा हट गया है। इस फिल्म को दर्शक स्वतंत्रता दिवस के मौके पर परिवार के साथ बैठकर देख सकते हैं। कंगना की यह फिल्म 14 अगस्त 2026 से डिजिटल प्लेटफॉर्म पर रिलीज हो रही है। फिल्म को जी5 पर स्ट्रीम किया जाएगा। ओटीटी प्लेटफॉर्म ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए यह जानकारी साझा की है।
आजादी के पर्व पर देख सकते हैं फिल्म
जी5 ने पोस्ट शेयर करते हुए लिखा है, 'यह उन आम नर्सों की अनकही कहानी है, जिन्होंने 26/11 की सबसे काली रात में असाधारण हिम्मत दिखाई। कुछ हीरो कभी सामने नहीं आए। उनकी कहानियां कभी नहीं बताई गईं। 14 अगस्त से फिल्म को जी5 पर देख सकते हैं'। बता दें कि यह फिल्म ऐसे मौके पर रिलीज हो रही है, जब देश में आजादी के पर्व का जश्न मनाया जाएगा। ओटीटी रिलीज के अगले दिन यानी 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस है। आजादी की छुट्टी में लोग 'भारत भाग्य विधाता' को देख सकते हैं।
'भारत भाग्य विधाता' का बॉक्स ऑफिस
सैकनिल्क पर प्राप्त आंकड़ों के मुताबिक, इस फिल्म ने भारतीय बॉक्स ऑफिस पर 7.04 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया था। देखना दिलचस्प होगा कि ओटीटी पर इसे कैसी प्रतिक्रिया मिलती है। मनोज तापड़िया निर्देशित यह फिल्म 26/11 मुंबई आतंकी हमलों के दौरान कामा अस्पताल में नर्सों की जांबाजी पर आधारित है। कंगना के अलावा, गिरिजा ओक, स्मिता तांबे और जाहिद खान भी अहम भूमिकाओं में हैं।