जेनिफर लोपेज की नई फिल्म अनस्टॉपेबल का हाल ही में, टोरंटो अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव में वर्ल्ड प्रीमियर हुआ। इसका निर्माण बेन एफ्लेक ने किया है, जिनसे जेनिफर ने तलाक की अर्जी दाखिल कर रखी है। फिल्म के निर्देशक ने दोनों को लेकर अपनी राय साझा की है।
जेनिफर लोपेज अपनी नई फिल्म अनस्टॉपेबल को लेकर सुर्खियों में हैं। हाल ही में, अनस्टॉपेबल का टोरंटो अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव में वर्ल्ड प्रीमियर हुआ। इस फिल्म का निर्देशन विलियम गोल्डनबर्ग ने किया है और बेन एफ्लेक इसके सह-निर्माता हैं। जेनिफर अपने तलाक की वजह से भी कई दिनों से चर्चा में हैं। अनस्टॉपेबल के निर्देशक ने फिल्म के साथ-साथ जेनिफर और बेन से अपने रिश्ते को लेकर कुछ बातें साझा की है।
विज्ञापन
जेनिफर के साथ काम करना सपने के जैसा था
विलियम गोल्डनबर्ग ने बताया वो जेनिफर और बेन में से बेन को ज्यादा अच्छे से जानते हैं। हालांकि, उन्होंने ये भी कहा कि वो दोनों को चाहते हैं और अनस्टॉपेबल में जेनिफर के साथ काम करना सपने की तरह था। बता दें कि विलियम अनस्टॉपेबल से डेब्यू कर रहे हैं। वहीं, जेनिफर लोपेज ने एलए काउंटी सुपीरियर कोर्ट में 20 अगस्त, 2024 को बेन एफ्लेक से तलाक की अर्जी दाखिल की थी।
अनस्टॉपेबल के सेट पर कोई अटपटा माहौल नहीं था
विलियम ने वैराइटी से हुई अपनी बातचीत में कहा कि अनस्टॉपेबल के सेट पर किसी तरह का अटपटा माहौल नहीं था। उन्होंने कहा कि जेनिफर और बेन की अपनी निजी जिंदगी और निजी बात है और हर कोई पेशेवर है। इससे सेट पर कोई अजीबोगरीब स्थिति नहीं बनी थी।
कई बार साथ काम कर चुके हैं बेन और विलियम
बेन ने ही इस फिल्म में जेनिफर को मुख्य भूमिका के लिए चुना था। बेन और विलियम कई बार साथ में काम कर चुके हैं। आर्गो, लाइव बाय नाइट, गॉन बेबी गॉन और एयर का निर्देशन बने ने किया था और विलियम इन फिल्मों के एडिटर थे। अनस्टॉपेबल की बात करें तो यह एक बायोग्राफिकल स्पोर्ट्स ड्रामा फिल्म है। इसमें जेनिफर लोपेज ने पहलवान एंथनी रॉबल्स की मां जूडी का किरदार निभाया है।