सोनी टीवी पर जल्द ही 'इंडियाज बेस्ट डांसर' के चौथे सीजन की शुरूआत होगी। लेकिन इससे पहले इस शो के चौथे सीजन के लिए बेस्ट डांसर की खोज की जाएगी। 18 मई यानी कि कल भारत की राजधानी दिल्ली में 'इंडियाज बेस्ट डांसर' के लिए बेस्ट डांसर की तलाश शुरू करेंगे। दिल्ली के सेंट्रल एकेडमी इंटरनेशनल स्कूल में इसका ऑडिशन किया जाएगा। सोनी एंटरटेनमेंट टेलीविजन के होमग्रोन डांस रिएलिटी शो 'इंडियाज बेस्ट डांसर' के सीजन 4 की जानकारी सोनी टीवी के ऑफिशियल अकाउंट इंस्टाग्राम पर दी गई है।
इस जगह होंगे ऑडिशन
अगर आप भी डांस के शौकीन हैं और अपने डांस मूव्स से किसी को भी हराने की हिम्मत रखते हैं, तो आप भी सोनी के इस मंच पर अपनी प्रतिभा दिखा सकते हैं, लेकिन इसके लिए पहले आपको ऑडिशन देना होगा। बता दें कि 18 मई 2024 को सेंट्रल एकेडमी इंटरनेशनल स्कूल, सेक्टर 10 द्वारका, नई दिल्ली में 'इंडियाज बेस्ट डांसर' के लिए ऑडिशन लिया जाएगा। इस दौरान कोरियोग्राफर पुनीत जे पाठक और हंसवी टोंक इस बात का निर्णय करेंगे कि आपका डांस शो के काबिल है या नहीं।
शो को लेकर पुनीत हैं उत्साहित
कोरियोग्राफर पुनीत जे पाठक ने कहा, 'डांस की दुनिया में योगदान देने को लेकर दिल्ली का एक इतिहास रहा है और हम इस शहर की युवा सेंसेशनल डांसिंग प्रतिभाओं को खोजने के लिए पूरी तरह से तैयार हैं, जो इस प्रतियोगिता के अगले दौर में जगह बना सकें। तो जरूर आएं और ऑडिशन दें, क्योंकि इस तरह के शो डांस प्रेमियों के सपनों को साकार करने में उन्हें मजबूत बनाते हैं।'
शो का हिस्सा बनना सौभाग्य की बात
आईबीडी 3 की पूर्व प्रतियोगी हंसवी टोंक ने इस शो को लेकर कहा, 'दिल्ली में इंडियाज बेस्ट डांसर सीजन 4 के ऑडिशन का हिस्सा बनना सौभाग्य की बात है। यह शहर मेरे दिल के करीब है, इससे उन दिनों की यादें ताजा हो गईं जब मैं ऑडिशन के लिए दिल्ली आई थी। इस शहर ने मुझे और कई और लोगों को कभी हार न मानने और अपनी फील्ड में मौजूद अवसरों का लाभ उठाने के लिए प्रोत्साहित किया है। मुझे बहुत खुशी है कि मैं आईबीडी 3 के लिए जाने की हिम्मत जुटा सकी।'
Manthan: प्रतिष्ठित कान फिल्म महोत्सव में आज दिखाई जाएगी 'मंथन', स्मिता पाटिल की फिल्म के लिए फैंस उत्साहित