'स्पाइडर मैन: नो वे होम' का पोस्टर
- फोटो : अमर उजाला मुंबई
सोनी पिक्चर्स और मार्वल स्टूडियोज ने हॉलीवुड फिल्म 'स्पाइडर मैन: नो वे होम' का पोस्टर रिलीज कर दिया है। इसके साथ ही फिल्म की रिलीज डेट का भी ऐलान कर दिया है। यह फिल्म 17 दिसंबर को भारतीय बड़े पर्दे पर नजर आएगी। जिसमें एक बार फिर से टॉम हॉलैंड और जेंडाया की सुपरहिट जोड़ी धमाल करते नजर आएगी। ये फिल्म हिंदी, इंग्लिश, तमिल और तेलुगू में रिलीज होगी।
पोस्टर में विलेम डैफो के ग्रीन गोब्लिन की एक झलक के साथ साथ इलेक्ट्रो की रोशनी, सैंडमैन की रेत और टॉम हॉलैंड का एक्शन एक साथ देखने को मिल रहा है। फिल्म का पोस्टर शेयर करते हुए मेकर्स ने कैप्शन में लिखा- "मल्टीवर्स रिलीज हो चुका है। 'स्पाइडर मैन: नो वे होम' विशेष रूप से सिनेमाघरों में 17 दिसंबर को रिलीज होगी।"
इस बार फिल्म की खासबात है कि स्पाइडर मैन के साथ डॉक्टर स्ट्रेंज भी नजर आएंगे। यह फिल्म वहीं से शुरू होगी जहां से 'स्पाइडर-मैन: फार फ्रॉम होम' खत्म हुई थी। इसका ट्रेलर पहले ही रिलीज हो चुका है। जिसमें स्पाइडर मैन लगातार मुश्किलों में फंसा हुआ है और उसके अपने ही उसके दुश्मन बनते जा रहे हैं।