मार्वेल सिने यूनिवर्स की फिल्मों में मौजूदा स्पाइडर मैन की भूमिका निभाने वाले अभिनेता टॉम हॉलैंड की एक फिल्म 'अनचार्टेड' आने वाली है जिसके सेट से उनकी एक तस्वीर फिल्म की निर्माता कंपनी सोनी पिक्चर्स ने शुक्रवार को जारी की। यह फिल्म इसी नाम के एक लोकप्रिय गेम पर आधारित है जिसमें टॉम हॉलैंड गेम के एक किरदार नेथन ड्रेक की भूमिका में नजर आएंगे। इस एक्शन एडवेंचर फिल्म का निर्देशन 'जोंबीलैंड' और 'वेनम' जैसी फिल्में बनाने वाले रुबेन फ्लेचर कर रहे हैं।
सोशल मीडिया पर साझा किए गए फोटो में टॉम हॉलैंड का लुक काल्पनिक किरदार नेथन ड्रेक से काफी मिलता-जुलता लग रहा है। तस्वीर में टॉम कार्गो पेंट और टीशर्ट पहने हुए हैं, साथ ही एक पिस्टल होल्डर भी उनके कंधे पर लटका हुआ है। ठीक यही पहनावा 'अनचार्टेड' गेम के चरित्र नेथन ड्रेक का भी है। यह तस्वीर खुद टॉम हॉलैंड ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर साझा की है और उन्होंने तस्वीर के कैप्शन में उन्होंने लिखा है, 'आपसे मिलकर बहुत अच्छा लगा मैं हूं नेट।'