1990 के दशक के हिट टेलीविजन नाटक 'बेवर्ली हिल्स, 90210' में हाई स्कूल की छात्रा ब्रेंडा वॉल्श की भूमिका के लिए मशहूर अमेरिकी अभिनेत्री शेनन डोहर्टी का निधन हो गया है। कई वर्षों तक कैंसर से जंग लड़ने के बाद अभिनेत्री ने 53 वर्ष की उम्र में अंतिम सांस लेकर दुनिया को हमेशा के लिए अलविदा कह दिया। डोहर्टी के निधन की खबर से उनके प्रशंसकों को तगड़ा झटका लगा है।
पीपल मैगजीन ने डोहर्टी के प्रचारक लेस्ली स्लोएन के हवाले से कहा, 'भारी मन से मैं अभिनेत्री शेनन डोहर्टी के निधन की पुष्टि करता हूं। शनिवार, 13 जुलाई को कई वर्षों तक बीमारी से लड़ने के बाद वह कैंसर से अपनी जंग हार गईं।' डोहर्टी ने साल 2015 में स्तन कैंसर से अपनी लड़ाई के बारे में सार्वजनिक रूप से बताया था। 2023 में, उनका ब्रेन ट्यूमर निकाला गया और पता चला कि कैंसर उनकी हड्डियों तक फैल गया था।
अभिनेत्री ने पहले फिल्म 'हीदर्स' में अभिनय किया था। इसके बाद उन्होंने नाटक 'बेवर्ली हिल्स, 90210' में ब्रेंडा वॉल्श के किरदार से व्यापक सफलता हासिल की, जो अमीर जिप कोड में अपने सहपाठियों के साथ फिट होने के लिए संघर्ष करती थी। शो में उनका किरदार डायलन मैके (ल्यूक पेरी) और केली टेलर (जेनी गर्थ) के साथ एक लव ट्रायंगल में उलझ गया। वास्तविक जीवन में, डोहर्टी का गर्थ और अन्य सहपाठियों के साथ टकराव हुआ और उन्होंने 1994 में इसके चौथे सीजन के दौरान '90210' छोड़ दिया। शो उनके बिना 2000 तक जारी रहा।
Kalki 2898 AD: नाग अश्विन ने कसा 'एनिमल' पर तंज? निर्देशक के पोस्ट डिलीट करने पर बढ़ी सोशल मीडिया की हलचल
डोहर्टी का जन्म 12 अप्रैल 1971 को मेम्फिस, टेनेसी में हुआ था और उन्होंने बचपन से ही अभिनय करना शुरू कर दिया था। 11 साल की उम्र में, उन्होंने टीवी क्लासिक 'लिटिल हाउस ऑन द प्रेयरी' के अंतिम सीजन में जेनी वाइल्डर की भूमिका निभाई थी। 1988 में, डोहर्टी को डार्क कॉमेडी फिल्म 'हीथर्स' में कास्ट किया गया था, जो एक कल्ट क्लासिक बन गई।