हॉलीवुड फिल्मों का लंबे समय से इंतजार कर रहे फैंस के लिए अच्छी खबर है। दरअसल, 'जेम्स बॉन्ड' की अगली फिल्म 'नो टाइम टू डाई' की स्क्रीनिंग की तारीख का एलान किया गया है।दरअसल, जेम्स बॉन्ड ने अपने आधिकारिक ट्विटर अकाउंट पर 'नो टाइम टू डाई' के वर्ल्ड प्रीमियर की घोषणा की है। उन्होंने बताया कि मंगलवार यानी 28 सितंबर को इस फिल्म की स्क्रीनिंग होगी। यह कार्यक्रम लंदन के रॉयल अल्बर्ट हॉल में आयोजित किया जाएगा।
बता दें कि यह फिल्म अक्टूबर में रिलीज होगी। अब तक निर्माता इस फिल्म के लिए कई तारीखें बदल चुके हैं। शुरुआती दौर में फिल्म 'नो टाइम टू डाई' अप्रैल 2020 में रिलीज होने वाली थी। लेकिन, जब कोरोना वायरस ने पूरी दुनिया के मनोरंजन का काम धंधा रोक दिया तो फिल्म के निर्माताओं ने इसे नवंबर 2020 तक के लिए स्थगित कर दिया।
जब कोरोना वायरस का मामला थोड़ा लंबा चला और हालात बद से बदतर होते गए तो निर्माताओं ने इस फिल्म की रिलीज को फिर से बदला और नई तारीख दो अप्रैल 2021 तय की गई। अब तो सिनेमाघरों में लोग भी जाने लगे हैं लेकिन माहौल पहले जैसा नहीं है। इसलिए, निर्माताओं ने इस फिल्म के लिए एक और नई तारीख सामने रख दी है।