मार्वल स्टूडियोज सीरीज Loki के सीजन एक के निर्देशक केट हैरेन का कहना है कि वह इसके दूसरे सीजन का हिस्सा नहीं होंगी। एक इंटरव्यू के दौरान केट हैरेन ने कहा कि वह इस बात से खुश हैं कि दर्शकों ने दूसरे सीजन पर उनके काम को पसंद किया लेकिन अब वह अन्य काम पर ध्यान केंद्रित करेंगी।
उन्होंने आगे कहा, 'मैं नहीं लौट रही हूं।' यह पूछे जाने पर कि क्या वह किसी मार्वल फिल्म प्रोजेक्ट पर काम करेंगी तो इसपर फिल्म निर्माता ने कहा कि वह स्टूडियो के साथ फिर से काम करना पसंद करेंगी। वहीं बातचीत के दौरान केट आगे कहती हैं कि 'मैं इस समय सिर्फ अपने काम पर ध्यान केंद्रित कर रही हूं। मार्वल स्टूडियोज के साथ मुझे काम करना अच्छा लगता है और मैं उनके साथ फिर से काम करना पसंद करूंगी, लेकिन लोकी के साथ मैं नहीं लौट रही हूं।'
फिल्म 'एवेंजर्स एंडगेम' से आगे की कहानी कहती सीरीज ‘लोकी’ में गुस्ताखियों का यह देवता अपने भाई 'थॉर' से कहीं आगे निकलकर आया है। टॉम हिडलस्टन फिर एक बार लोकी का ये चिर परिचित किरदार निभाते परदे पर दिखाई दिए। उनके साथ इस कहानी का हिस्सा ओवन विल्सन, गुगु बाथा रॉ, सोफिया डि मार्टिनो,वूनमी मोसाकू और रिचर्ड ई ग्रांट बने। इस सीरीज के लेखकों की टीम की अगुआई की है माइकल वाल्ड्रॉन ने और इसकी निर्देशक हैं केट हेरॉन।