ह्यू जैकमैन और रयान रेनॉल्ड अभिनीत फिल्म डेडपूल एंड वूल्वरिन शुरुआत से चर्चा में बनी हुई है। दुनियाभर के दर्शकों को इस फिल्म की रिलीज का इंतजार है। डेडपूल एंड वूल्वरिन जल्द ही सिनेमाघरों में दस्तक देने के लिए तैयार है। मार्वल इंडिया ने दर्शकों का उत्साह बढ़ाते हुए एक वीडियो साझा कर बताया है कि फिल्म के रिलीज होने में बस एक सप्ताह बाकी है। इसके साथ ही फिल्म की एडवांस बुकिंग भी शुरू हो चुकी है।
भारतीय प्रशंसकों के लिए हिंदी में दिया संदेश
अपनी रिलीज से पहले डेडपूल और वूल्वरिन ने भारतीय दर्शकों के लिए हिंदी में वीडियो साझा किया है। मार्वल इंडिया द्वारा साझा किए गए वीडियो में ह्यू जैकमैन और रयान रेनॉल्ड भारतीय प्रशंसकों को देसी अंदाज में टिकट बुक करने के लिए कहा है। ये फिल्म 26 जुलाई को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी। डेडपूल एंड वूल्वरिन अंग्रेजी के साथ-साथ हिंदी, तमिल और तेलुगु भाषा में रिलीज होगी।
रयान रेनॉल्ड्स और ह्यू जैकमैन की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'डेडपूल एंड वूल्वरिन' को लेकर दर्शकों का उत्साह सातवें आसमान पर है। 'डेडपूल एंड वूल्वरिन' के जरिए रयान रेनॉल्ड्स एक बार फिर वेड विल्सन यानी डेडपूल के किरदार में नजर आने वाले हैं। वहीं ह्यू जैकमैन फिर लोगन यानी वूल्वरिन के रोल में दिखाई देंगे।