निर्माता विक्रम मल्होत्रा की विद्या बालन स्टारर फिल्में ‘शेरनी’ और ‘शकुंतला देवी’ अपनी कहानियों के लिए काफी चर्चित रही हैं। इससे पहले विक्रम ‘एयरलिफ्ट’, ‘टॉयलेट: एक प्रेम कथा’, ‘शेफ’ और ‘नूर’ जैसी फिल्मों के अलावा वेब सीरीज ‘ब्रीद’ और ‘ब्रीद: इनटू द शैडो’ भी बना चुके हैं। निर्देशक सुरेश त्रिवेणी की निर्माणाधीन फिल्म 'जलसा' के अलावा वह फिल्म 'सूरराई पोटरु' के हिंदी रीमेक पर भी काम कर रहे हैं।
फिल्म ‘#होम’ के हिंदी रीमेक के बारे में विक्रम मल्होत्रा कहते हैं, 'फिल्म ‘#होम’ जैसी एक सुंदर और प्रासंगिक फिल्म को फिर से बनाने के अवसर से हम सब खुश हैं। हमने हमेशा सार्थक कहानी को दिल को छू लेने वाले मनोरंजन के साथ जोड़ने में विश्वास किया है और फिल्म ‘#होम’ का हिंदी रीमेक उस यात्रा का एक और कदम है।" वहीं मलयालम फिल्म ‘#होम’ के निर्माता विजय बाबू कहते हैं, "फिल्म ‘#होम’ रिश्तों के बारे में बात करती है और ये दिखाती है कि डिजिटल युग में वे कैसे विकसित हो रहे हैं। यह एक सार्वभौमिक विषय है और मैं वास्तव में उत्साहित हूं कि इस फिल्म को अब हिंदी रीमेक के माध्यम से व्यापक, अखिल भारतीय दर्शकों के लिए बनाया जाएगा।”