बॉलीवुड अभिनेत्री रिया चक्रवर्ती ने दिवंगत अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की मौत की जांच के सिलसिले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) द्वारा उनके खिलाफ जारी किए गए लुकआउट सर्कुलर को बॉम्बे हाई कोर्ट में चुनौती दी है। रिया ने अपनी याचिका में सर्कुलर को रद्द करने की मांग की है। इसके साथ ही एक अलग आवेदन में लुकआउट सर्कुलर को अस्थायी रूप से निलंबित करने को लेकर भी मांग की है, क्योंकि उन्हें एक इवेंट के लिए विदेश यात्रा करनी है। मामले में अगली सुनवाई 20 दिसंबर को होगी।
आज शुक्रवार, 15 दिसंबर को रिया चक्रवर्ती के वकील अभिनव चंद्रचूड़ ने न्यायमूर्ति एएस गडकरी की अगुवाई वाली खंडपीठ को बताया कि सीबीआई द्वारा मामले में प्राथमिकी (एफआईआर) दर्ज किए हुए और लुकआउट सर्कुलर जारी किए जाने को तीन साल हो चुके हैं। मगर मामले में आज तक कोई प्रगति नहीं हुई है। अभिनेत्री के वकील ने साथ ही यह भी कहा कि सीबीआई ने रिया चक्रवर्ती को कभी कोई समन जारी नहीं किया, यहां तक कि अपना आरोपपत्र भी दाखिल नहीं किया है।
वहीं, सीबीआई की ओर से पेश वकील श्रीराम शिरसाट ने मामले में कहा, एजेंसी ने याचिका के जवाब में अपना हलफनामा दायर किया है। बता दें कि पीठ ने इस दौरान यह जानना चाहा कि क्या रिया चक्रवर्ती ने पहले विदेश यात्रा की थी। चंद्रचूड़ ने कहा, ड्रग्स मामले में जमानत हासिल करने के बाद चक्रवर्ती को विशेष एनडीपीएस अदालत से विदेश यात्रा की अनुमति मिल गई थी। मगर सीबीआई के लुकआउट सर्कुलर की वजह से अभिनेत्री विदेश यात्रा नहीं कर पाईं।
सुशांत सिंह राजपूत 14 जून, 2020 को बांद्रा में अपने अपार्टमेंट में मृत पाए गए थे। अभिनेता की मौत के बाद उनके पिता ने सुशांत की तत्कालीन गर्लफ्रेंड और अभिनेत्री रिया चक्रवर्ती और उनके रिश्तेदारों पर अभिनेता को आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाते बिहार पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई थी। बाद में ये केस सीबीआई को ट्रांसफर कर दिया गया था। सीबीआई ने अगस्त 2020 में चक्रवर्ती और उनके भाई शोविक चक्रवर्ती के खिलाफ लुकआउट सर्कुलर जारी किया था। हाई कोर्ट ने इस साल सितंबर में ने शौविक के खिलाफ जारी उस सर्कुलर को अस्थायी रूप से निलंबित कर दिया, जिससे वह विदेश यात्रा कर सके।
Janhvi Kapoor: जान्हवी ने द आर्चीज में बहन खुशी के अभिनय को सराहा, कहा- 'नफरत के लिए तैयार रहने की दी थी सलाह'