आखिर क्यों हैं रीमेक और कॉपी करने की जरूरत
हॉलीवुड का बॉलीवुड रीमेक
- फोटो : सोशल मीडिया
आज के वक्त में दर्शकों की पसंद के हिसाब से कई तरह के प्लेटफॉर्म मौजूद हैं। ऐसे में सिनेमा की जंग अब टीवी के साथ साथ डिजिटल स्पेस से भी है। डिजिटल शोज में जो नयापन देखने को मिल रहा है, सिनेमा उसे अब तक अपना नहीं पाया है। इसके साथ ही कौनसी फिल्म हिट होगी और कौनसी फ्लॉप इसका भी कोई वैज्ञानिक तर्क नहीं है। ऐसे में रीमेक एक ऐसा कंसेप्ट है जिसे करीबन हर शख्स देखना पसंद करता है। इसके पीछे तर्क दिया जा सकता है कि जो ओरिजनल देख चुके होते हैं वो इसलिए देखते हैं कि आखिर नया क्या है। वहीं जो पहली बार सीधे रीमेक देखते हैं वो इसलिए देखते हैं कि आखिर ऐसा क्या था जिसके चलते यह फिल्म सुपरहिट साबित हुई थी। हालांकि इस रीमेक की कड़ी में कुछ लोग ऐसे भी होते हैं जो अपनी पुरानी यादों को नए के साथ मिक्स नहीं करना चाहते और फिल्म देखते ही नहीं हैं। वहीं अगर पुरानी बॉलीवुड फिल्मों के बन रहे रीमेक को हटा दें तो साउथ इंडियन फिल्म, कोरियन फिल्म या फिर हॉलीवुड फिल्म का रीमेक दर्शक भी चाव से देखना पसंद करते हैं। हालांकि कई बार ये रीमेक पिट जाते हैं तो कई दफा हिट हो जाते हैं।
नई पैकिंग के साथ बाजार में उतारा और छा गईं फिल्में
अक्षय कुमार, रणवीर सिंह और सलमान खान
- फोटो : सोशल मीडिया
रीमेक और कॉपी का दीमक आज की देन नहीं, पहले से ही ऐसा होता आया है, जिन्होंने न सिर्फ बड़े स्तर पर धुआंधार कमाई की बल्कि सिनेमा को नए स्तर पर भी पहुंचाया। हालांकि यह अलग विषय हो सकता है कि किस शख्स को कौनसी फिल्म पसंद आई और किसको कौन सी नहीं। मोटे- मोटे तौर पर फिल्म को हिट-सुपरहिट आदि जैसी कई कैटिगिरी में बांट दिया जाता है। बॉक्स ऑफिस कलेक्शन भी अहम किरदार निभाता है। रीमेक के नाम पर हिट-सुपरहिट फिल्मों को फिर से नई पैकिंग के साथ बाजार में उतारा जा रहा है। सलमान खान ने फिल्म 'वांटेड' से बॉलीवुड में दूसरी पारी शुरू की। फिल्म एक साउथ इंडियन फिल्म का रीमेक थी। सलमान खान की ये फिल्म सुपरहिट साबित हुई। इसके बाद सलमान खान ने कई साउथ इंडियन फिल्मों का बॉलीवुड रीमेक बनाया। अब इस रीमेक की लिस्ट में सिर्फ सलमान का ही नाम नहीं है बल्कि अजय देवगन, रणवीर सिंह, आमिर खान और अक्षय कुमार जैसे सेलेब्स का भी नाम है।
रीमेक हैं ये बॉलीवुड फिल्में
डिलीवरी मैन और विकी डोनर
- फोटो : सोशल मीडिया
चाहे बॉलीवुड के खान हों, कपूर हों या नवोदित सितारे हों, रीमेक के दंश से कोई बच नहीं पाया। एक नजर उन फिल्मों पर जो रीमेक हैं- दृश्यम, सिंघम, वांटेड, गजनी, अग्निपथ, बैंग- बैंग, गॉड तुस्सी ग्रेट हो, दिल है की मानता नहीं, बाजीगर, तीन चोर, ऐतबार, कबीर सिंह, सिम्बा, ओके जानू, फोर्स, बॉडीगार्ड, भूल भुलैया, गरम मसाला, क्योंकि, रन, हलचल, साथिया, रहना है तेरे दिल में, नायक, चाची 420, विरासत, सदमा, जुदाई, सन ऑफ सरदार, किक, मैं तेरा हीरो, तेवर, हे बेबी, ता रा रम पम, पार्टनर, द ट्रेन, यू मी और हम, अगली और पगली, वेलकम, एक खिलाड़ी एक हसीना, द किलर, एक अजनबी, स्वदेश, नो एंट्री और हाउसफुल सहित ये लिस्ट काफी लंबी है। दरअसल जिन फिल्मों के नाम आपको बताए गए हैं वो कुल रीमेक के आधे के आस- पास भी नहीं हैं। ऐसे में बॉलीवुड रीमेक फिल्मों की लिस्ट का अंदाजा लगाना कोई मुश्किल काम नहीं है।
पुराने गानों में नए बीट्स का तड़का
रीमेक सॉन्ग्स
- फोटो : सोशल मीडिया
2018 में जॉन अब्राहम स्टारर फिल्म 'सत्यमेव जयते' रिलीज हुई थी। फिल्म से ज्यादा फिल्म के एक गाने ने सुर्खियां बंटोरी थीं। गाने का नाम था 'दिलबर'। इस गाने पर नोरा फतेही ने अपने डांस मूव्स से सभी का दिल जीत लिया था। दरअसल यह गाना 1999 में रिलीज हुई फिल्म 'सिर्फ तुम' के एक गाने का था। बता दें कि ओरिजनल ट्रैक में सुष्मिता सेन नजर आईं थीं। दरअसल अब बात सिर्फ फिल्मों के रीमेक तक ही सीमित नहीं रह गई है। अब तो गानों को भी रीमेक करने का सिलसिला तेजी से दौड़ लगा रहा है। ऐसे में न सिर्फ पुराने गाने बल्कि थोड़े पुराने गानों की भी फिल्मों में जोड़ कर रीमेक कर दिया जा रहा है। ऐसे में एक नजर उन गानों की लिस्ट पर जो रीमेक हैं-
साकी (बाटला हाउस), आंख मारे (सिंबा), कोका कोला (लुका छिपी), बॉम डिगी डिगी (सोनू के टीटू की स्वीटी), छम्मा- छम्मा (फ्रॉड सैंया), उर्वशी (यो यो हनी सिंह), हाई रेटिड गबरू (नवाबजादे), चीज बड़ी (मशीन), काला चश्मा (बार बार देखो), लैला (रईस), मैं तेरा ब्वॉयफ्रेंड (राबता), पटोला (ब्लैकमेल), छोटे- छोटे पेग (सोनू के टीटू की स्वीटी), पोस्टर लगवा दो (लुका छिपी), द हम्मा सॉन्ग (ओके जानू), तम्मा तम्मा (बद्रीनाथ की दुल्हनिया), मैंने तुझको देखा (गोलमाल अगेन), बन जा रानी (तुम्हारी सुलु), एक दो तीन (बागी 2), अल्लाह दुहाई है (रेस 3), आशिक बनाया आपने (हेट स्टोरी 4), गुड़ नाल इश्क मिठा (एक लड़की को देखा तो ऐसा लगा), हल्का हल्का (फन्ने खां), तेरी खैर मंगदी (बार बार देखो), लग जा गले (साहेब बीवी और गैंगस्टर 3), नित खैर मंगा (रेड), हवा हवाई 2.0 (तुम्हारी सुलु), सैटरडे (हम्पटी शर्मा की दुल्हनिया), बदन पे सितारे (फन्ने खां), गजब का है दिन (दिल जंगली), तुम्हे अपना बनाने की (हेट स्टोरी 3), दम मारो दम (दम मारो दम), बचना ऐ हसीनों (बचना ऐ हसीनों), सावन में लग गई आग (वुडस्टॉक विला) और शहर की लड़की (खानदानी शफाखाना)। खैर इतने सारे नामों के बाद भी ये लिस्ट आधी के आस पास भी नहीं है। तो ऐसे में ये तो साफ है कि न सिर्फ फिल्में बल्कि गानों के रीमेक में भी अब बॉलीवुड पीछे नहीं है।
सीन्स, फिल्मी पोस्टर और क्लाइमैक्स भी होते हैं कॉपी
हॉलीवुड से कॉपीड हैं ये बॉलीवुड पोस्टर
- फोटो : सोशल मीडिया
ऐसा नहीं हैं कि सिर्फ फिल्में ही कॉपी हुई हैं। कई बार बॉलीवुड ने सिर्फ कुछ चुनिंदा सीन्स ही कॉपी किए हैं। न सिर्फ फिल्मों में बल्कि टीवी शोज में भी विदेश के शोज और फिल्मों से कॉपी करने का सिलसिला जारी है। इसका ताजा उदाहरण देखने को मिलता है अलादीन - नाम तो सुना होगा में। दरअसल इसका एक सीन गेम ऑफ थ्रोन्स के एक्शन सीन से कॉपी किया गया। जिसके बाद सोशल मीडिया पर अलादीन का वो सीन काफी ट्रोल भी हुआ था। इसके साथ ही सिंघम में अजय देवगन का चलती कार से उतरने वाली सीन पर भी जमकर सीटियां बजी थीं। ये सीन भी ब्रूस विल्स की फिल्म रेड से कॉपी था। वहीं फिल्म थ्री इडियट्स का आमिर खान द्वारा क्वेशन पेपर जमा करने वाला सीन भी सभी को याद होगा। ये सीन एक इंस्टेंट किवी के एक विज्ञापन से चोरी किया गया था। इसके अलावा बात करें फिल्मों के कॉपीड पोस्टर की तो राउडी राठौर, जिंदगी न मिलेगी दोबारा, रा वन, फैंटम, एजेंट विनोद, गजनी एक विलेन, बाहुबली, हलचल, रामलीला, एक विलेन, मौसम, पीके, तलाक, मर्डर 2, बॉम्बे वेलवेट, टाइगर जिंदा है सहित कई ऐसी फिल्में हैं जिनके पोस्टर्स तक कॉपी किए गए थे। यानी कुल मिलाकर कह सकते हैं कि न सिर्फ फिल्में, बल्कि गाने, कॉमेडी सीन्स, एक्शन सीन्स, क्लाइमैक्स सहित सब कुछ कभी न कभी कही न कहीं आपको बॉलीवुड में कॉपीड मिल जाएगा।
पाकिस्तान के गानों को भी किया है रीमेक
पाकिस्तानी गानों के रीमेक हैं ये बॉलीवुड गानें
- फोटो : सोशल मीडिया
वैसे तो ऊपर हमने रीमेक सॉन्ग्स की एक लंबी लेकिन अधूरी लिस्ट देखी जिसे पूरा करना बिल्कुल भी आसान नहीं। लेकिन क्या आप जानते हैं कि बॉलीवुड में कई गानें पाकिस्तान के हैं जिन्हें रीमेक किया गया है। ऐसे में एक नजर कुछ ऐसे ही गानों पर और साथ ही साथ बताएंगे कि किस फिल्म में उनका इस्तेमाल किया गया....
1. किन्ना सोना तेनू रब ने (नुसरत फतेह अली खान की एलबम का गाना)- कितना प्यारा तुझे रब ने (राजा हिंदुस्तानी- 1996)
2. किसी मेहरबान ने आ के (शमा)- किसी मेहरबान ने आ के (कल की आवाज- 1992)
3.मैं जिस दिन भुला दूं (खुशबू)- मैं जिस दिन भुला दूं (पुलिस पब्लिक- 1990)
4. प्यासा कुएं के पास आता है (मेरा नाम है मोहब्बत)- प्यासा कुएं के पास आता है (दिल तेरा आशिक- 1993)
5. रात दे बारह वज्जे (जबरदस्त)- चोली के पीछे क्या है (खलनायक- 1993)
6. काला शा काला (बाबर खान)- काला शा काला (आई मिलन की रात- 1991)
7. हमारी सासों में (मेरे हुजूर)- तुम्हारी नजरों में हम ने (कल की आवाज-1992)
8. निंदरा नी औंदियां (गम्मा बीए)- गोरी हैं कलाइयां (आज का अर्जुन- 1990)
9. वो मेरा हो न सका (अजमत)- दिल मेरा तोड़ दिया उसने (कसूर- 2001)
10. जा अज तों में तेरी (यार मस्ताने)- सजना मैं तेरी तू मेरा (बेटा- 1992)
11. गम है या खुशी है (नुसरत फतेह अली खान की एलबम का गाना)- गम है या खुशी है (कारतूस - 1999)
12. जदों होली जाई (उठ खुदा द वैर)- बागों में बहार आई (मोम की गुड़िया- 1972)
13. दम मस्त कलंदर (नुसरत फतेह अली खान की एलबम का गाना)- तू चीज बड़ी है मस्त- मस्त (मोहरा- 1994)
14. मेरा पिया घर आया (नुसरत फतेह अली खान की एलबम का गाना)- मेरा पिया घर आया (याराना- 1981)
15. सानु इक पल चैन न आवे (नुसरत फतेह अली खान की एलबम का गाना)- सजना तेरे बिना (जुदाई- 1997)
बता दें कि ये लिस्ट भी लंबी है। ऐसे में सारे गानों का जिक्र करना आसान नहीं लेकिन फिर भी मोटे-मोटे तौर पर ऊपर लिखे गए 15 गाने इस बाद की गवाही देते हैं कि बॉलीवुड ने पाकिस्तान के गानों को भी रीमेक किया है। इस लिस्ट सहित अन्य पाकिस्तान से रीमेक किए कई बॉलीवुड गानों को भी बाद में फिर से रीमेक किया गया।