इस खबर को पढ़ रहा हर शख्स यही सोच रहा होगा कि लाइव कॉन्सर्ट में ऐसा क्या हुआ जिसकी वजह से उनका पसंदीदा गायक चला गया। आखिर कैसे रहे होंगे वो आखिरी पल, जब गायक इस दुनिया को अलविदा कह रहा था। आइए जानते हैं...
कोलकाता के गुरुदास कॉलेज के फेस्ट में परफॉर्म करते वक्त गायक कृष्णकुमार कुन्नथ उर्फ केके की तबीयत अचानक बिगड़ने लगी। गायक दर्शकों का मनोरंजन करते वक्त बार-बार अपने साथियों से तबीयत बिगड़ने की बात कह रहे थे। लेकिन दर्शकों के मनोरंजन में कोई कमी न आए, इस वजह से कभी टॉवल से चेहरा पोछते, कभी पानी की बोतल उठाते, तो कभी स्टेज में इधर-उधर टहलते हुए अपनी परफॉर्मेंस जारी रखी।
जब ज्यादा परेशानी होने लगी तब उन्होंने मेकर्स से स्पॉटलाइट बंद करने को कहा। तकरीबन रात 8:30 बजे केके लाइव कॉन्सर्ट खत्म कर होटल लौट गए। हालांकि यहां भी उन्हें आराम नहीं मिला और वह अचानक गिर गए। जिसके बाद लगभग 10:30 उन्हें कलकत्ता मेडिकल रिसर्च इंस्टीट्यूट (सीएमआरआई) ले जाया गया, जहां उन्हें मृत घोषित किया गया। इस दौरान अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सक, प्रशासनिक अधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौजूद थे।
असामान्य मौत का मामला दर्ज
मशहूर गायक केके के निधन के बाद पुलिस ने केस दर्ज किया है। सूत्रों के मुताबिक, पुलिस ने असामान्य मौत का मामला दर्ज किया है। मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि केके के चेहरे व सिर पर चोट के निशान मिले हैं। पुलिस आयोजकों और होटल स्टाफ से पूछताछ कर सकती है।