अभिनेता सिद्धार्थ मल्होत्रा का कहना है कि डिंपल चीमा दिवंगत कैप्टन विक्रम बत्रा की बायोपिक 'शेरशाह' देखकर मुस्कराई होंगी। सिद्धार्थ ने अपने एक इंटरव्यू में खुलासा किया कि वो डिंपल चीमा से नहीं मिले, लेकिन उम्मीद है कि शेरशाह देखकर वो मुस्कराई होंगी। सिद्धार्थ मल्होत्रा ने फिल्म शेरशाह में कैप्टन विक्रम बत्रा की मुख्य भूमिका निभाई है। आपको बता दें कि डिंपल चीमा 1999 के कारगिल युद्ध में शहीद हुए कैप्टन विक्रम बत्रा की प्रेमिका हैं। उन्होंने कैप्टन विक्रम बत्रा के शहीद होने के बाद शादी नहीं की और उनकी यादों को संजाए रखा।
सिद्धार्थ मल्होत्रा ने कहा कि उन्हें दिल्ली में दिवंगत विक्रम बत्रा के परिवार को फिल्म दिखाने का मौका मिला। परिवार के पास कहने के लिए सब अच्छी बातें थी। सिद्धार्थ ने आगे कहा कि वो डिंपल चीमा के प्यार की पवित्रता की सराहना करते हैं। सिद्धार्थ ने कहा कि मुझे पता है कि उनके लिए यह फिल्म देखना काफी मुश्किल रहा होगा।
आपको बता दें कि फिल्म शेरशाह में सिद्धार्थ मल्होत्रा ने जिस तरह से विक्रम बत्रा का किरदार आत्मसात किया है, उसकी दर्शक तारीफ कर रहे हैं। सिद्धार्थ ने पूरी शिद्दत से दिवंगत कैप्टन विक्रम बत्रा का रोल किया है। वहीं, डिंपल चीमा का किरदार अभिनेत्री कियारा आडवाणी ने निभाया है। सिद्धार्थ का कहना है कि दर्शकों की तरफ से फिल्म और उनके किरदार को मिल रहे प्यार को लेकर वो काफी खुश हैं और इसका आनंद ले रहे हैं।