काजल अग्रवाल बीते लंबे समय से बड़े पर्दे से दूर थीं। हालांकि, अभिनेत्री आगामी एक्शन फिल्म 'सत्यभामा' से धमाकेदार वापसी के लिए तैयार हैं। बीते दिन फिल्म से अभिनेत्री का फर्स्ट लुक पोस्टर जारी किया गया, जिसमें काजल के धाकड़ अंदाज को हर किसी ने पसंद किया। वहीं, शुक्रवार को निर्माताओं ने 'सत्यभामा' का टीजर भी रिलीज कर दिया है। इस फिल्म में काजल एक पुलिस वाली की भूमिका में खूब जंच रही हैं।
अभिनेत्री काजल अग्रवाल और फिल्म के निर्माताओं ने शुक्रवार को आगामी एक्शन फिल्म 'सत्यभामा' का टीजर जारी किया। तेलुगु फिल्म में काजल एक कॉप की भूमिका में हैं। उन्होंने इंस्टाग्राम पर फैंस के लिए 'सत्यभामा' का टीजर पेश किया और लिखा, 'सत्यभामा का टीजर अब रिलीज हो गया है। रानी काजल अग्रवाल अब सत्यभामा के साथ जनता की रानी हैं।' दिवाली से दो दिन पहले जारी किए गए टीजर में काजल को एसीपी सत्यभामा के किरदार में दिखाया गया है। वीडियो की शुरुआत काजल द्वारा एक महिला को देखने से होती है, जिसकी पुलिस कार में मौत हो गई थी। इसके बाद एक पूछताछ दृश्य आता है, जहां काजल को निलंबित कर दिया जाता है।
'सत्यभामा' के टीजर में काजल अग्रवाल एक फ्यूरियस फाइटर के रूप में नजर आ रही हैं, जो अकेले ही अपराधियों को खत्म करती हैं। टीजर में हत्यारे का पीछा करते हुए एक एनकाउंटर सीन भी दिखाया गया है। टीजर को यूट्यूब पर साझा करते हुए, निर्माताओं ने लिखा, 'एसीपी सत्यभामा अपने प्रेतवाधित अतीत का सामना करती हैं, एक लापता आदमी को खोजने के लिए एक उच्च-स्तरीय जांच में गोते लगाती हैं। जैसे ही वह छाया में छिपे विभिन्न शहरों में काले रहस्यों को उजागर करती हैं, मोचन अधर में लटक जाती हैं। क्या वह अतीत पर विजय पा लेंगी या उसकी छाया में भस्म हो जाएंगी?'
'सत्यभामा' अखिल डेगाला द्वारा निर्देशित एक क्राइम थ्रिलर है। इसका संगीत श्री चरण पकाला द्वारा तैयार किया गया है, और फिल्म का निर्माण ऑरम आर्ट्स बैनर के तहत बॉबी टिक्का और श्रीनिवास राव टक्कलपेल्ली द्वारा किया गया है। काजल अभिनीत यह फिल्म दिसंबर में रिलीज होगी। काजल की 60वीं फिल्म का आधिकारिक शीर्षक इस वर्ष जून में अभिनेत्री के जन्मदिन के अवसर पर जारी किया गया था। मूवी में काजल के अलावा नवीन चंद्रा, प्रकाश राज, नागिनेदु, हर्षवर्द्धन, रवि वर्मा, अंकित कोय्या, संपदा एन, प्रज्वल यादमा, नेहा पठान, अनिरुद्ध पवित्रन, सत्या प्रदीप्ति और रोहित सत्यन जैसे सितारे भी मुख्य भूमिका में हैं।