वीडियो स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म एमएक्स प्लेयर ने डिजिटल मीडिया सॉल्यूशन प्रदाता कंपनी कनेक्ट डिजिटल के साथ दो साल का करार किया है। कनेक्ट डिजिटल के ऑनलाइन प्लेटफॉर्म डाइस (DICE) के माध्यम से एमएक्स प्लेयर अपनी सामग्री को वैश्विक स्तर पर पहचान दिलाना चाहता है। एमएक्स प्लेयर के बनाए हुए ओरिजिनल शोज और फिल्में अभी सिर्फ उसकी पहुंच तक ही सीमित हैं। डाइस का साथ मिलने के बाद एमएक्स प्लेयर की किसी भी वेब सीरीज, फिल्म, डॉक्यूमेंट्री आदि को वहां भी देखा जा सकेगा, जहां एमएक्स प्लेयर की पहुंच नहीं है।
हाल ही में एमएक्स प्लेयर ने भारतीय देसी सामग्री उपलब्ध कराने वाले ओटीटी प्लेटफॉर्म उल्लू से भी हाथ मिलाया है। इस जोड़ी को जी5 जैसे बड़े भारतीय ओटीटी प्लेटफॉर्म की बराबरी करने की मंशा से बनाया गया था। अब कनेक्ट डिजिटल के साथ हाथ मिलाने के बाद एमएक्स प्लेयर ने सीधे तौर पर नेटफ्लिक्स और अमेजॉन प्राइम वीडियो के गढ़ में सेंध लगाने की कोशिश की है।
कनेक्ट डिजिटल के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सिड खेमका ने इस समझौते पर कहा, 'एमएक्स प्लेयर के साथ हमारा समझौता दोनों संगठनों के लिए कुछ अविश्वसनीय तालमेल को दर्शाता है। हम अपने डाइस प्लेटफॉर्म के माध्यम से बहुत सी प्रभावशाली सामग्री बाजार में लेकर आते हैं। एमएक्स प्लेयर हमारे कंटेंट को ज्यादा दर्शकों तक पहुंचाने में बेजोड़ है। हमें खुशी है कि एमएक्स प्लेयर ने दर्शकों के बीच अपनी महत्वाकांक्षी सामग्री को पहुंचाने का समर्थन करने के लिए डाइस का चयन किया।'