इस कोरोना काल में सबसे बड़े ओटीटी प्लेटफॉर्म में से एक अमेजॉन प्राइम वीडियो ने अपने उपभोक्ताओं के लिए एक मुफ्त की सुविधा देने का निश्चय किया है। उसने अपनी लाइब्रेरी में से कुछ सामग्री को बच्चों और परिवारों के लिए फ्री में उपलब्ध कराने की व्यवस्था की है। अमेजॉन प्राइम वीडियो अपने नए उपभोक्ताओं को शुरुआती महीने में सिर्फ एक महीने का फ्री ट्रायल उपलब्ध कराता है। इसके बाद वह अपने प्रत्येक प्रोग्राम के लिए रुपये देने पर ही सामग्री प्रदान करता है। फ्री की सामग्री उपलब्ध कराने के लिए अमेजॉन प्राइम कार्यक्रमों का चुनाव खुद करेगा। वह अलग-अलग स्थानों के हिसाब से अलग-अलग सामग्रियों में बदलाव कर सकता है।
कोरोना वायरस की वजह से ज्यादातर लोगों ने अपने घर से काम करना शुरू किया है। सभी नागरिक अपने घरों में रहने के लिए मजबूर हैं। ऐसे में उनके पास मनोरंजन के साधन के रूप में ओटीटी प्लेटफॉर्म और टीवी है। इस समय ओटीटी प्लेटफॉर्मों में होड़ लगी हुई है, जिसमें अमेजॉन प्राइम का यह कदम उन्हें अग्रणी साबित कर सकता है। अमेजॉन प्राइम विडियो की फ्री की सामग्री का उपभोग करने के लिए उपभोक्ता को प्राइम मेंबरशिप लेने की जरूरत नहीं है। अमेजॉन डॉट इन पर एक साधारण अकाउंट होने पर ही कोई भी उपभोक्ता अमेजॉन प्राइम वीडियो पर उपलब्ध फ्री फिल्में और टीवी शो देख सकता है। इसके लिए उन्हें सिर्फ प्राइम वीडियो एप्लीकेशन अपने फोन या स्मार्ट टीवी में डाउनलोड करने की जरूरत है।
अमेजॉन प्राइम वीडियो दुनिया के सबसे बड़े ओटीटी प्लेटफॉर्म में से एक है। दुनिया में सिर्फ नेटफ्लिक्स ही एक ऐसा प्लेटफार्म है जो उसे ज्यादातर जगहों पर टक्कर देता है। अमेजॉन प्राइम का फ्री की सामग्री प्रदान करने का यह कदम एकदम नया है। इसके इतर अगर देखा जाए तो नेटफ्लिक्स कभी भी अपने किसी भी उपभोक्ता को कोई भी फ्री की सामग्री उपलब्ध नहीं कराता है।