बॉलीवुड अभिनेता मनोज बाजपेयी ने मंगलवार यानी 24 अगस्त को इंदौर की एक अदालत में क्रिटिक कमाल राशिद खान उर्फ केआरके के खिलाफ मानहानि की शिकायत दर्ज कराई है। दरअसल, आरोप है कि केआरके ने कथित तौर पर अभिनेता के खिलाफ अपमानजनक ट्वीट किया था। इस बात की जानकारी मनोज के वकील परेश एस जोशी ने मीडिया को दी।
उन्होंने बताया कि मनोज बाजपेयी की ओर से कोर्ट के एक प्रथम श्रेणी न्यायिक मजिस्ट्रेट (जेएमएफसी) के सामने केआरके के एक आपत्तिजनक ट्वीट को लेकर शिकायत पेश की गई। इसमें केआरके के खिलाफ धारा 500 के तहत मानहानि का आपराधिक मामला दर्ज किए जाने की गुहार लगाई गई है। साथ ही यह भी आरोप लगाया गया है कि केआरके ने 26 जुलाई को बाजपेयी को लेकर अपमानजनक ट्वीट किया था। इससे 52 वर्षीय अभिनेता की इंदौर के फैंस के बीच इमेज खराब हुई.
गौरतलब है कि कमाल राशिद खान अक्सर लाइमलाइट में आ जाते हैं। लेकिन जब से केआरके ने सलमान खान की फिल्म राधे का रिव्यू दिया है तब से तो लगातार सुर्खियों में बने हुए हैं। आए दिन एक नया विवाद खड़ा हो जाता है। सलमान खान के समर्थन में उतरे सिंगर मीका सिंह पर भी केआरके ने हमला बोल दिया और उन्हें नाक से गाने वाला सिंगर कह डाला। उसके बाद अब केआरके ने कंगना रणौत पर निशाना साधा। केआरके का विवादों से पुराना नाता रहा है। एक विवाद खत्म नहीं होता कि दूसरा पहले खड़ा हो जाता है। ये कहना भी गलत नहीं होगा कि केआरके खुद ही अपने लिए विवाद खड़े करते हैं।