करण जौहर के जरिए होस्ट किया जाने वाला सेलिब्रिटी चैट शो का आठवां सीजन 'कॉफी विद करण 8' शानदार तरीके से आगे बढ़ रहा है। ओपनिंग एपिसोड में रणवीर सिंह और दीपिका पादुकोण ने शो की शोभा बढ़ाई। इसके बाद दो भाई सनी देओल और बॉबी देओल काउच शेयर कर दिलचस्प खुलासे करते नजर आए। वहीं, अब अगले एपिसोड के गेस्ट्स का इंतजार कर रहे फैंस के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। शो के नए प्रोमो में आने वाले एपिसोड्स के सेलेब्स की झलक देखने को मिली है। साथ ही अनन्या पांडे के रिश्ते पर भी बड़ा खुलासा हुआ है।
आखिरकार, 'कॉफी विद करण 8' के निर्माताओं ने एक दिलचस्प प्रोमो के साथ आने वाले मेहमानों को लेकर बड़ा खुलासा कर दिया है। यह शो ग्लैमर, स्पष्ट बातचीत और गपशप का मिश्रण पेश करने के लिए तैयार है क्योंकि करीना कपूर खान और आलिया भट्ट, काजोल और रानी मुखर्जी, सारा अली खान और अनन्या पांडे, रोहित शेट्टी और अजय देवगन सहित अन्य सितारे कॉफी काउच की शोभा बढ़ाने के लिए तैयार हैं।
प्रोमो की शुरुआत करण जौहर के यह कहते हुए होती है, 'हे भगवान, हम वापस आ गए हैं', जिस पर अजय देवगन और रोहित शेट्टी कहते हैं, 'शिट'। करीना कहती हैं, 'नहीं, लेकिन मेरा मानना है कि मैं एक निर्देशक की अभिनेत्री हूं।' इस पर करण असहमति जाहिर करते हुए कहते हैं, 'आप किसी की अभिनेत्री नहीं हैं, आप अपने खुद की अभिनेत्री हैं। वहीं, करण जौहर सारा अली खान से सवाल करते हैं कि अनन्या पांडे के पास ऐसा क्या है, जो आपके पास नहीं है?' इस पर सारा कहती हैं, 'ए नाइट मैनेजर'।
'ए नाइट मैनेजर' बोलकर सारा अली खान ने अनन्या पांडे और आदित्य रॉय कपूर के रिश्ते की पुष्टि कर दी है। वहीं, रानी मुखर्जी को अपने एपिसोड में कहते सुना जा रहा है कि वह करण जौहर को बेनकाब कर देंगी। जानकारी हो कि 'कॉफी विद करण 8' हर गुरुवार आधी रात को डिज्नी+हॉटस्टार पर प्रसारित होता है।