राजकुमार हिरानी के निर्देशन में बनी शाहरुख खान अभिनीत फिल्म 'डंकी' कल यानी 21 दिसंबर को सिनेमाघरों में दस्तक देने के लिए पूरी तरह तैयार है। मूवी के ट्रेलर और रिलीज हुए गानों ने फैंस के उत्साह को सातवें आसमान पर पहुंचा दिया है। फिल्म की एडवांस टिकट बुकिंग भी इसके सुपरहिट होने का सबूत दे रही है। मूवी में नई जोड़ी यानी कि शाहरुख खान संग तापसी पन्नू को देखा जाएगा, जिस पर भी हर किसी की निगाहें टिकी हुई हैं। वहीं, 'डंकी' की रिलीज से पहले शाहरुख खान ने फैंस के लिए आस्क एसआरके सत्र आयोजित किया, जिसमें अभिनेता फैंस के सवालों का शानदार जवाब देते नजर आए हैं।
'पठान' और 'जवान' की शानदार सफलता के बाद शाहरुख खान 'डंकी' के साथ इस वर्ष का अंत करने वाले हैं। यह मूवी राजकुमार हिरानी के साथ शाहरुख खान का पहला सहयोग है। फिल्म की रिलीज से एक दिन पहले शाहरुख खान ने आस्क एसआरके सत्र का आयोजन किया, जिसमें फैंस के सवाल और सुपरस्टार के जवाब सुर्खियों का हिस्सा बन गए हैं। एक फैन ने शाहरुख खान से पूछा कि वह कल अपने आप को किस तरह से देखते हैं। इस पर अभिनेता का दिल छूने वाला जवाब चर्चाओं में हैं।
एक फैन ने शाहरुख खान से सवाल किया, 'कल आप अपने आप को कैसे देखते हैं?' इस पर किंग खान ने जवाब दिया, 'सुना है कि सुबह का शो है इसलिए मुझे लगता है कि यह जानने के लिए जागते रहूंगा कि सभी को फिल्म कैसी लगी।' शाहरुख खान के इस जवाब से साफ होता है कि वह 'डंकी' की रिलीज पर दर्शकों की प्रतिक्रिया जानने के लिए काफी ज्यादा उत्सुक हैं।
शाहरुख खान ने 'डंकी' की रिलीज से पहले फिल्म का एक और दिलचस्प पोस्टर जारी किया है, जिसने प्रशंसकों को उत्साहित कर दिया है। कुछ ही देर में पोस्टर वायरल हो गया। पोस्टर के तुरंत बाद अभिनेता ने एक मजेदार वीडियो भी साझा किया, जिसमें उन्होंने दर्शकों से 'डंकी' की टिकट बुक करने की अपील की। 'डंकी' को केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड से यू/ए प्रमाणपत्र दिया गया है और इसका रन टाइम दो घंटे 41 मिनट है। फिल्म में विक्की कौशल, बोमन ईरानी, विक्रम कोचर और अनिल ग्रोवर जैसे सितारे भी महत्वपूर्ण भूमिका में हैं।