अक्षय कुमार की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'सरफिरा' की रिलीज का प्रशंसकों को बेसब्री से इंतजार है। बीते दिन निर्माताओं ने इसका दिलचस्प ट्रेलर जारी किया, जिसने खूब वाहवाहियां बटोरीं। वहीं, अब सेंसर बोर्ड की ओर से भी खिलाड़ी कुमार की फिल्म को हरी झंडी मिल गई है। मूवी को 'यू' सर्टिफिकेट के साथ पास कर दिया गया है।
यू सर्टिफिकेट के साथ पास हुई 'सरफिरा'
फिल्म 'सरफिरा' में अक्षय कुमार नायक की भूमिका में हैं, जबकि राधिका मदान और परेश रावल भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में हैं। राधिका और परेश मूल फिल्म का भी हिस्सा थे। रिपोर्ट के अनुसार, 'सरफिरा' ने केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (सीबीएफसी) से 'यू' प्रमाणपत्र के साथ सेंसर औपचारिकताओं को पूरा कर लिया है। तमिल ब्लॉकबस्टर 'सोरारई पोटरू' की इस रीमेक फिल्म को 2 घंटे और 35 मिनट (155 मिनट) का नाटकीय रन-टाइम दिया गया है। सूर्या फिल्म में एक विशेष भूमिका निभाएंगे।