टेलीविजन की मशहूर अभिनेत्री अंकिता लोखंडे 'बिग बॉस 17' की विजेता तो नहीं बन पाईं, लेकिन 'बिग बॉस' के घर से निकलते ही उन्हें एक से बढ़कर एक प्रोजेक्ट्स मिल रहे हैं। अंकिता ने कल अपने सोशल मीडिया हैंडल से एक पोस्ट साझा करते हुए अपने फैंस को बताया कि वे 'वीर सावरकर' फिल्म में रणदीप हुड्डा के साथ स्क्रीन साझा करेंगी। इतना ही नहीं मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो अंकिता को एकता कपूर ने अपने एक महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट के लिए भी साइन किया है।
'नागिन 7' में आएंगी नजर!
'बिग बॉस 17' से अंकिता लोखंडे ने बेशुमार सुर्खियां बटोरी हैं। शो के दौरान पति विक्की जैन के साथ अपने झगड़ों को लेकर अंकिता काफी चर्चा में रही थीं। अब 'बिग बॉस' के घर से बाहर आने के बाद भी वे सुर्खियों में बनीं हुई हैं। सूत्रों की मानें तो एकता कपूर ने अपने हिट शो 'नागिन 7' के लिए अंकिता लोखंडे को साइन किया है। अंकिता पहले भी एकता कपूर के साथ काम कर चुकी हैं।
बिना स्टार स्टेटस बिग बॉस विजेता बने ये कंटेस्टेंट्स
अंकित गुप्ता संग करेंगी रोमांस!
'नागिन' टेलीविजन के हिट शो में से एक है। इस शो में मुख्य किरदार निभाना टेलीविजन जगत के हर कलाकार का सपना होता है। मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो 'नागिन' के अगले सीजन में अंकिता लोखंडे अंकित गुप्ता के साथ स्क्रीन साझा करेंगी। अंकित गुप्ता 'बिग बॉस 16' से सुर्खियां बटोर चुके हैं। दर्शकों में अभी से ही अंकित और अंकिता की जोड़ी को एक साथ देखने के लिए काफी उत्साह देखा जा रहा है। सोशल मीडिया पर दोनों सितारों के फैंस जमकर अपने-अपने फेवरेट स्टार्स के लिए कमेंट कर रहे हैं।
एकता और अंकिता की दोस्ती
जब अंकिता 'बिग बॉस 17' में थीं तब एकता कपूर ने खुलकर उन्हें सपोर्ट किया था। टेलीविजन पर अंकिता को जो पहचान मिली है वह एकता कपूर के शो 'पवित्र रिश्ता ' से मिली है। इस सीरियल ने अंकिता को रातों रात टेलीविजन इंडस्ट्री का स्टार बना दिया था। 'पवित्र रिश्ता' में अंकिता ने सुशांत सिंह राजपूत के साथ काम किया था।