परीक्षा पे चर्चा (पीपीसी) के 7वें संस्करण के दौरान, प्रधान मंत्री श्री नरेंद्र मोदी नई दिल्ली के भारत मंडपम में छात्रों, शिक्षकों और अभिभावकों से जुड़े। इस दौरान प्रधान मंत्री ने छात्रों, अभिभावकों और शिक्षकों को परीक्षा के तनाव से निपटने के लिए प्रोत्साहित किया। प्रधान मंत्री के इस नेक काम ने अभिनेत्री दीपिका पादुकोण का दिल खुश कर दिया है। ए लिस्टर अदाकारा ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी का सहारा लेते हुए पीएम मोदी का आभार व्यक्त किया है।
दीपिका पादुकोण ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरीज पर पीएम मोदी का ट्विटर पोस्ट साझा किया, जिसमें परीक्षा पे चर्चा (पीपीसी) के 7वें संस्करण का वीडियो दिखाया गया है। दीपिका ने पोस्ट शेयर करते हुए लिखा, 'परीक्षा के तनाव से निपटने के लिए छात्रों, अभिभावकों और शिक्षकों को उनके उत्साहवर्धक संदेश के लिए माननीय पीएम नरेंद्र मोदी को धन्यवाद।'
29 जनवरी को, पीएम मोदी ने नई दिल्ली के भारत मंडपम में छात्रों, शिक्षकों और अभिभावकों के साथ अपनी बातचीत का एक वीडियो साझा किया। वीडियो शेयर करते हुए प्रधान मंत्री मोदी ने लिखा, 'मेरे बहादुर एग्जाम वारियर्स किसी भी चुनौती से पार पाने में बहुत सक्षम हैं। मैंने इस बात पर प्रकाश डाला कि दबाव के प्रति लचीला बनना और तनाव से मुक्त रहना क्यों महत्वपूर्ण है।' इसके साथ ही पीएम ने हैशटैग परीक्षा पे चर्चा का भी इस्तेमाल किया।
दीपिका पादुकोण की बात करें तो वह इन दिनों हालिया रिलीज फिल्म 'फाइटर' में ऋतिक रोशन के अपोजिट नजर आ रही हैं। फिल्म का निर्देशन सिद्धार्थ आनंद ने किया है। मूवी में दीपिका और ऋतिक के अलावा अनिल कपूर, करण सिंह ग्रोवर और अक्षय ओबेरॉय भी प्रमुख भूमिकाओं में हैं। आने वाले दिनों में दीपिका पादुकोण को रोहित शेट्टी की 'सिंघम अगेन' और नाग अश्विन की 'कल्कि 2898 एडी' में देखा जाएगा।