बॉलीवुड से लेकर हॉलीवुड तक अपने अभिनय की छाप छोड़ने वाले अभिनेता इरफान खान का आज जन्मदिवस है। आज अभिनेता हमारे बीच होते, तो 57वां जन्मदिन मनाते। उनके जन्मदिन पर आज हर कोई भावुक है और उन्हें याद कर रहा है। ऐसे में यह दिन उनके परिवार के लिए और भी ज्यादा मुश्किल है। इरफान के जन्मदिन पर उनके बेटे बाबिल खान ने एक थ्रोबैक तस्वीर साझा कर दिल छू लेने वाला नोट लिखा है।
पोस्ट साझा कर कही यह बात
बाबिल ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट के जरिए एक पुरानी तस्वीर साझा की है। इस तस्वीर में इरफान के साथ निर्देशक अनूप सिंह नजर आ रहे हैं। यह तस्वीर 2017 में द सॉन्ग ऑफ स्कॉर्पियन्स के सेट की बताई जा रही है। तस्वीर में दिवंगत अभिनेता इरफान को निर्देशक को केक खिलाते हुए देखा जा सकता है। अपने दिवंगत पिता की तस्वीर साझा करते हुए बाबिल ने लिखा, 'एक ऐसे शख्स का जश्न मना रहा हूं, जो हमेशा अपना जन्मदिन भूल जाता था।'
यह भी पढ़ें: Ram Mandir: श्रीराम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा समारोह का हिस्सा बनेंगे आलिया भट्ट और रणबीर कपूर, मिला निमंत्रण
अनुप सिंह ने इरफान को किया याद
दूसरी ओर, निर्देशक अनुप सिंह ने भी वही तस्वीर साझा की और लिखा, 'द सॉन्ग ऑफ स्कॉर्पियन्स, 2017 की शूटिंग के अंत के करीब इरफान का जन्मदिन मना रहा हूं। उनका लुक, मुस्कान, कंधे पर हाथ, केक का स्वाद, रेगिस्तान की खुशबू और टीम का उत्साह बना रहता है। यह तस्वीर दुख को स्वीकार करने और उनके साथ सामंजस्य बिठाने में मदद करती है। (7 जनवरी, 1967 - 29 अप्रैल, 2020)।'
बाबिल का वर्कफ्रंट
बता दें कि दिवंगत अभिनेता इरफान खान का शानदार करियर 30 वर्षों से अधिक समय तक चला। उन्होंने न केवल बॉलीवुड फिल्मों में अभिनय किया बल्कि द दार्जिलिंग लिमिटेड, स्लमडॉग मिलियनेयर, द अमेजिंग स्पाइडर-मैन, लाइफ ऑफ पाई, जुरासिक वर्ल्ड, इन्फर्नो समेत कई फिल्मों में काम किया था। बाबिल के वर्कफ्रंट की बात करें, तो अभिनेता ने काला से बॉलीवुड में डेब्यू किया था। हाल ही में, उन्हें के के मेनन, आर. माधवन, दिव्येंदु और अन्य के साथ द रेलवे मेन में देखा गया था। यह सीरीज भोपाल की गैस त्रासदी घटना पर आधारित है।
यह भी पढ़ें: Nawazuddin Siddiqui: 15 करोड़ की ‘संजीवनी’, आमने सामने वेंकटेश और नवाज, खेल दिलचस्प होने वाला है...