अभिनेता आमिर खान ने अपनी फिल्म ‘पीके’ को लेकर ‘मनगढ़ंत’ (फर्जी) साक्षात्कार जारी करने पर कुछ पाकिस्तानी वेबसाइटों को कानूनी नोटिस भेजा है।
आमिर की ओर से नोटिस भेजने वाले डीएसके लीगल के प्रबंध भागीदार आनंद देसाई ने कहा कि आमिर का साक्षात्कार फर्जी है। उन्होंने कहा कि अमेरिका से लौटकर अभिनेता मुंबई पुलिस की साइबर सेल में आपराधिक शिकायत दाखिल करेंगे।
देसाई ने कहा कि उनके मुवक्किल आमिर खान पाकिस्तानी वेबसाइटों पर फिल्म ‘पीके’ से संबंधित मनगढ़ंत साक्षात्कार को लेकर हैरान हैं। उन्होंने ऐसा साक्षात्कार कभी नहीं दिया है। इससे स्पष्ट है कि वेबसाइट देखने वालों की संख्या बढ़ाने की नीयत से ऐसा किया जा रहा है, जिससे उनके मुवक्किल को मानहानि हुई है।
देसाई ने कहा कि सोमवार को आमिर की ओर से वेबसाइटों को कानूनी नोटिस भेज दिया गया है। उन्होंने कहा कि यह उनके मुवक्किल के अधिकारों के उल्लंघन का गंभीर मामला है। इस संबंध में कानूनी कदम उठाया जाएगा।