अदा शर्मा हाल ही में नए फ्लैट में शिफ्ट हुई हैं। यह वही फ्लैट है, जिसमें दिवगत अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत रहा करते थे। अभिनेता का निधन इसी फ्लैट में हुआ था। अदा जब से इस घर में आई हैं, तब से उनके फैसले पर चर्चा हो रही है। अब अभिनेत्री ने इस पर प्रतिक्रिया दी है।
दिवंगत अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत जिस अपार्टमेंट में रहा करते थे, उनके निधन के बाद उसे लंबे समय तक कोई किराएदार नहीं मिलने की खबरें मीडिया में खूब छाई रहीं। फिर अचानक खबर आई कि अदा शर्मा उस फ्लैट में शिफ्ट हो रही हैं। अब अभिनेत्री उसमें शिफ्ट भी हो चुकी हैं और उन्होंने कहा है कि उन्हें यहां काफी सकारात्मक ऊर्जा महसूस हो रही है। अभिनेत्री के इस फ्लैट में शिफ्ट होने के फैसले पर लोगों ने काफी बातें कीं और हैरानी तक जताई। अब इस बारे में अदा ने बात की हैं। आइए जानते हैं...
निजी जिंदगी को लेकर सतर्क रहती हैं अभिनेत्री
अपनी निजी जिंदगी को लेकर काफी सतर्क रहने वाली अभिनेत्री अदा शर्मा ने एक साक्षात्कार में अपने नए घर को लेकर बात की। जब अभिनेत्री से पूछा गया कि क्या वह इसे अपनी निजता का हनन मानती हैं, तो अभिनेत्री ने कहा कि अब तक उनके दर्शक, मीडिया और फिल्म उद्योग उनकी निजता संबंधी प्राथमिकता को पहचान चुके हैं। अभिनेत्री सोशल मीडिया पर अपनी निजी जिंदगी की झलकियां भी साझा करती रहती हैं और उन पहलुओं को लेकर काफी सतर्क रहती हैं, जिन्हें वह निजी मानती हैं।
4 सालों से खाली था सुशांत का घर
साल 2020 में दिवंगत अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की मौत के बाद से उनका अपार्टमेंट खाली है। पिछले 4 सालों से वह प्रॉपर्टी खाली थी। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक मुंबई के एक रियल एस्टेट ब्रोकर के अनुसार सुशांत के साथ हुई दुर्घटना के बाद कोई भी उस घर को खरीदना नहीं चाहता था। अभिनेत्री से जब पूछा गया कि उन्होंने सुशांत के घर में रहने का फैसला क्यों किया तो उन्होंने जवाब में कहा, ‘फिल्म हो या किसी घर में रहना मैं हर फैसला दिल से लेती हूं। मुझे अपने फैसले पर किसी तरह का कोई संदेह नहीं है। मैं भले ही भौतिक रूप से नई जगह शिफ्ट हुई हूं, लेकिन मैं हमेशा करोड़ों लोगों के दिल में बसी हूं।’
Pushtaini: ऋतिक रोशन ने लॉन्च किया एक्टिंग कोच विनोद रावत की फिल्म 'पुश्तैनी' का ट्रेलर, इस दिन होगी रिलीज