बॉलीवुड में मिस्टर परफेक्शनिस्ट के नाम से मशहूर आमिर खान ने अपने शानदार करियर में कई असफलताओं का सामना किया है। उनकी फ्लॉप फिल्म की लिस्ट में 'ठग्स ऑफ हिंदोस्तान' और 'लाल सिंह चड्ढा' जैसी फिल्मों के नाम शामिल हैं। 'लाल सिंह चड्ढा' हॉलीवुड की हिट फिल्म 'फॉरेस्ट गंप' पर आधारित है। 'लाल सिंह चड्ढा' में आमिर खान ने अपने प्रदर्शन पर विचार करते हुए इसकी असफलता की जिम्मेदारी ली। उन्होंने फिल्म में अपने प्रदर्शन के बारे में बात की है।
आमिर खान ने हाल ही में रिया चक्रवर्ती के पॉडकास्ट में बात करते हुए कहा, 'लाल सिंह के रूप में मेरे प्रदर्शन को अधिक महत्व दिया गया। मगर मूल फिल्म हिट रही। इसके पीछे कारण यह था कि फॉरेस्ट गंप में टॉम हैंक्स का प्रदर्शन शानदार था। मेरे प्रदर्शन ने फिल्म को निराश किया। मेरी समझ से मेरा प्रदर्शन अच्छा नहीं था। मैंने इससे बहुत कुछ सीखा है, इसलिए शायद अगली फिल्म में मेरा प्रदर्शन बेहतर हो।'
Aamir Khan: आमिर के फिल्में छोड़ने के फैसले से किरण को लगा था झटका, अभिनेता को दिया 'सिनेमा की संतान' का टैग
अभिनेता ने आगे बताया कि उन्हें क्यों लगता है कि उनका प्रदर्शन फिल्म की सफलता में कमजोर कड़ी था। उन्होंने कहा, 'एक क्रिएटिव व्यक्ति के रूप में मुझे लगता है कि हम जो बनाने के लिए निकले थे। उसके बहुत करीब पहुंच गए। कुछ लोगों को यह फिल्म बहुत पसंद आई। यह उनकी पसंदीदा फिल्म है, लेकिन अधिकांश लोग मेरे प्रदर्शन के कमजोर होने के कारण जुड़ाव महसूस नहीं कर सके। मुझे लगता है कि अगर मेरा प्रदर्शन कमजोर था तो मैं खुद को सुधार सकता हूं। कमजोरी और गलतियां अवसर हैं। अपनी विफलता का कारण समझना महत्वपूर्ण है। ईमानदार होना बहुत महत्वपूर्ण है।'
सोशल मीडिया पर लोगों का कहना है कि आमिर खान जैसे सुपरस्टार द्वारा अपनी कमियों को खुले तौर पर स्वीकारना और फिल्म की विफलता की जिम्मेदारी लेने का यह एक बड़ा उदाहरण हैं। लाल सिंह चड्ढा के बाद अभिनेता अब फिल्म सितारे जमीन पर में दिखाई देंगे। फिल्मों से ब्रेक की घोषणा के बाद यह उनकी पहली फिल्म है। फिल्म इस साल दिसंबर में रिलीज होने वाली है।