देशभर में लोकसभा चुनाव को लेकर सरगर्मिया तेज हो गई हैं। सत्तारूढ़ दल भाजपा और विपक्ष के नेताओं के बीच आरोप-प्रत्यारोपों का सिलसिला भी तेज हो गया है। इस बीच महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री अजीत पवार ने विपक्ष पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि जब जब चुनाव नजदीक आता है तो विपक्ष संविधान बदलने की बात करता है। दरअसल विपक्ष के पास बेहतर मुद्दे होते ही नहीं है।
विपक्ष के पास कोई मुद्दा ही नहीं है- अजित पवार
दरअसल राष्ट्रीय समाज पक्ष के नेता महादेव जानकर ने परभणी लोकसभा सीट के लिए अपना नामांकन दाखिल किया है। इसके बाद एक सभा को संबोधित करते हुए पवार ने कहा कि लोगों को विपक्ष के आधारहीन बयानों पर ध्यान नहीं देना चाहिए। उन्होंने कहा कि विपक्षी नेता कहते हैं कि सत्तारूढ़ गठबंधन 400 सीटें जीतने के बाद संविधान बदल देगा। ऐसा नहीं होगा।
‘पश्चिमी महाराष्ट्र को दक्षिण भारत से जोड़ेगा शक्तिपीठ राजमार्ग’
इस मौके पर देवेंद्र फड़णवीस भी मौजूद रहे। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सराहना करते हुए कहा कि केंद्र सरकार ने देशभर में विकास किया है। उन्होंने आगे कहा कि केंद्र सरकार ने धर्म और जाति को अलग रखकर गैस और पानी के कनेक्शन दिए हैं। डिप्टी सीएम ने आगे कहा कि राज्य सरकार जिस शक्तिपीठ राजमार्ग की योजना बना रही है, वह परभणी से होकर गुजरेगा। यह राजमार्ग दक्षिण भारत को पश्चिमी महाराष्ट्र से जोड़ेगा। इसके साथ ही परभणी में कृषि विज्ञान केंद्र, औद्योगिक क्षेत्र बनेंगे।
भाजपा नेता और बीड लोकसभा उम्मीदवार पंकजा मुंडे ने कहा कि जो लोग यह कहते हैं कि महादेव जानकर एक बाहरी व्यक्ति हैं। उन्हें पता होना चाहिए कि जो काम करता है वह आगे बढ़ता रहता है। मुंडे ने कहा, जानकर की यात्रा बारामती से शुरू हुई और अब वे परभणी में हैं।