केंद्रीय मंत्री परसोत्तम रूपाला ने अपने विवादित बयान को लेकर एक बार फिर से क्षत्रिय समाज से माफी मांगी है। बता दें कि राजपूत समाज पर दिए गए विवादित बयान के बाद परसोत्तम रूपाला को आलोचनाओं का सामना करना पड़ रहा है। इससे पहले राजपूत समाज ने भाजपा से मांग की थी कि राजकोट से रूपाला का टिकट काटा जाए।
ये मेरी जिंदगी का सबसे कठिन दौर- रूपाला
गुजरात में लोकसभा चुनाव के एक दिन बाद रुपाला ने राजपूत समाज से दोबारा माफी मांगी। तीसरे चरण के मतदान के बाद केंद्रीय मंत्री ने कहा कि राजपूतों पर दिए गए बयान के बाद वह अपनी जिंदगी के सबसे कठिन दौर से गुजर रहे हैं। केंद्रीय मंत्री ने आगे कहा कि उन्होंने जो भी बयान दिया है, उसके लिए वह स्वयं जिम्मेदार हैं। उन्होंने कहा ‘मेरी वजह से मेरी पार्टी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा गया, यह मेरे लिए बहुद दुखभरा रहा।’
क्षमादान करना वीरों की पहचान होती है- रूपाला
रूपाला ने कहा कि जब उन्होंने मतदान से पहले माफी मांगी तो लोगों को लगा कि यह सब चुनाव को देखते हुए किया जा रहा है। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि इसलिए चुनाव के बाद उन्होंने दोबारा माफी मांगी है। उन्होंने राजपूत समाज से कहा कि क्षमादान करना वीरों की पहचान होती है। रुपाला ने इस बात को भी स्वीकार किया कि कभी एक समय में उनके बयानों से भाजपा को मजबूती मिलती थी लेकिन इस बार एक बयान की वजह से पार्टी को मुश्किलों का सामना करना पड़ा।
राजपूत समाज ने दी थी चेतावनी
भाजपा ने राजकोट से दो बार के सांसद मोहन कुंडरिया के बजाय रूपाला को उम्मीदवार घोषित किया था। इसके बाद केंद्रीय मंत्री के विवादित बयान से राजपूत समाज में आक्रोश पैदा हो गया था। इस दौरान समाज द्वारा भाजपा से मांग की गई थी कि राजकोट से रूपाला का टिकट काटा जाए। जब भाजपा ने रूपाला का टिकट नहीं काटा तो राजपूत समाज ने पार्टी को राजकोट और जामनगर के अलावा पार्टी 10 लोकसभा सीटों पर हार की चेतावनी दी थी।