लोकसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारों की घोषणा के बाद कर्नाटक में भाजपा के भीतर अंसतोष पनप रहा है। ऐसे में भारतीय जनता पार्टी ने अपने अनुभवी नेता येदियुरप्पा पर भरोसा जताया है। बीएस येदियुरप्पा का कहना है कि सभी मुद्दों को हल करने की कोशिशें की जा रही हैं। येदियुरप्पा का कहना है कि वे आज और 27 मार्च को दावणगेरे और बेलगावी का दौरा करेंगे।
रुठे हुए नेताओं को मनाएंगे येदियुरप्पा
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि वे दावणगेरे और बेलगावी का दौरा करेंगे। उन्होंने आगे कहा कि हम दावणगेरे और बेलगाची में भाजपा कार्यकर्ताओं और नेताओं के साथ चर्चा करेंगे। इस दौरान मुद्दों को सुलझाने की हर संभव कोशिश की जाएगी। उन्होंने आगे कहा कि हमारी अपेक्षा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हम सभी 28 सीटों पर जीत हासिल करें।
टिकट बंटवारे के बाद नाराज हैं ये नेता
इससे पहले येदियुरप्पा ने सोमवार को दावणगेरे के निवर्तमान सांसद जीएम सिद्धेश्वर से मुलाकात की। बता दें कि सिद्धेश्वर की पत्नी को भाजपा ने दावगेरे से टिकट दिया है। ऐसे में पूर्व विधायक एमपी रेणुकाचार्य और एसए रवींद्रनाथ ने खुले तौर पर विरोध जताया है। उधर बेलगाम (बेलगावी) लोकसभा सीट से भाजपा ने पूर्व मुख्यमंत्री जगदीश शेट्टार को टिकट दिया है। जगदीश शेट्टार हुबली-धारवाड़ से आते हैं लेकिन बेलगावी जिले के दावेदारों को दरकिनार करते हुए भाजपा ने उन्हें उम्मीदवार घोषित कर दिया। इस वजह से भी पार्टी के भीतर नाराजगी पनपी और कई स्थानीय नेता उनकी उम्मीदवारी का विरोध कर रहे हैं। इसके अलावा चिक्काबल्लापुर, कोप्पल, शिमोगा, हावेरी, तुमकुर, बीदर, रायचूर और चित्रदुर्ग जैसे कई निर्वाचन क्षेत्रों में भी भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच असंतोष है। कोप्पल के मौजूदा सांसद कराडी सांगन्ना भी टिकट नहीं मिलने से नाराज हैं। उन्होंने पार्टी से बगावत की धमकी दी है। भाजपा हाईकमान ने कोप्पल से डॉ. बसवराज क्यावतर को प्रत्याशी घोषित किया है। भाजपा ने पूर्व मंत्री के सुधाकर को चिक्काबल्लापुर से चुनाव मैदान में उतारा है। इस वजह से पार्टी के अंदरखाने असंतोष पनप रहा है।
ये नेता भी हैं नाराज
इससे पहले येदियुरप्पा ने पिछले सप्ताह पूर्व मंत्री जेसी मधुस्वामी से मुलाकात की थी। मधुस्वामी इसलिए नाराज थे क्योंकि इस सीट से सोमन्ना को टिकट दी गई थी। बीदर में भाजपा विधायक प्रभु चौहान और शरणु सालगर के विरोध के बाद भी पार्टी द्वारा केंद्रीय मंत्री भगवंत खुबा को दोबारा उम्मीदवार बनाया गया। उधर शिमोगा में भाजपा के दिग्गज नेता के एस ईश्वरप्पा ने येदियुरप्पा के बेटे और मौजूदा सांसद बी वाई राघवेंद्र के खिलाफ निर्दलीय उम्मीदवारी का एलान किया है।
कर्नाटक में 28 सीटों पर दो चरणों में आम चुनाव होने हैं। यहां 26 अप्रैल और 7 मई को मतदान होगा।