12वीं में टॉप करने पर मिल सकती है हर महीने 2500 की स्कॉलरशीप।
- फोटो : Social media
उत्तराखंड सरकार 12वीं कक्षा में टॉप करने वाले छात्रों को पांच सालों तक हर महीने 2,500 रुपये स्कॉलरशिप देने पर विचार कर रही है। रिपोर्ट के अनुसार उत्तराखंड सरकार के शिक्षा विभाग ने सरकार के सामने यह प्रस्ताव रखा है कि राज्य में 12वीं परीक्षा में टॉप करने वाले 70 उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद के छात्रों और 30 केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) के छात्रों को इस स्कॉलरशिप का लाभ दिया जाए, जिससे उन्हें आगे की पढ़ाई के लिए मदद मिले। अधिकारियों का कहना है कि इस स्कॉलरशिप से उन कमजोर छात्रों को बड़ी मदद मिलेगी, जिन्हें स्कूल के बाद आगे की पढ़ाई करने के लिए आर्थिक दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) ने भी अधिकारियों को राज्य सरकार द्वारा संचालित स्कूलों में ज्यादा से ज्यादा एडमिशन बढ़ाने के निर्देश जारी किए हुए हैं। इसके अलावा रिपोर्ट के मुताबिक उत्तराखंड सरकार के शिक्षा विभाग ने स्नातक में 50 फीसदी अंक लाने वाले छात्रों को राज्य में आयोजित होने वाली प्राथमिक शिक्षक भर्ती परीक्षा में छूट देने का फैसला किया है। इससे पहले तक केवल 50 फीसदी या इससे अधिक अंक लाने वाले उम्मीदवार ही इस भर्ती में पदों पर चयनित होते थे। उत्तराखंड हाईकोर्ट के समक्ष इस नियम के विरुद्ध याचिका भी दायर की गई थी, लेकिन अब तक कोर्ट ने इस मामले में कोई आदेश जारी नहीं किया है।
राज्य सरकार ने हाल ही में प्रदेश के सरकारी स्कूलों में कंप्यूटर और अंग्रेजी भाषा के शिक्षकों के लिए भर्ती आयोजित करने का भी फैसला किया है। इससे छात्रों को इन विषयों में बेहतर होने में अच्छी मदद मिलेगी और प्रदेश में 30 हजार नई नौकरियां भी सृजित होंगी। सरकार 1500 अन्य स्कूलों को भी शुरू करने पर विचार कर रही है।