उत्तर प्रदेश के कुछ स्कूल सोमवार को कक्षा नौवीं से 12वीं के छात्रों के लिए सख्त कोविड प्रोटोकॉल और सीमित उपस्थिति के साथ फिर से खुल गए। 50 प्रतिशत उपस्थिति के साथ इंटर कक्षाएं फिर से शुरू की गईं। अन्य स्कूलों ने कहा कि वे छात्रों के लिए शारीरिक कक्षाएं फिर से शुरू करने के लिए तैयार हो रहे हैं और जल्द ही फिर से खुलेंगे।
गौरतलब है कि राज्य सरकार ने पहले कहा था कि रक्षाबंधन के बाद 23 अगस्त से, कक्षा छह से आठवीं के लिए शिक्षण गतिविधियों को फिर से शुरू करने पर विचार किया जा सकता है। जबकि एक सितंबर से कक्षा एक से पांचवीं तक के लिए स्कूल खोलने पर विचार किया जा सकता है।
इसके साथ ही राज्य में सभी छात्रों (प्राथमिक कक्षाओं को छोड़कर) के लिए ऑफलाइन कक्षाएं फिर से शुरू हो गई हैं। उत्तर प्रदेश सरकार जल्द ही कक्षा एक से आठवीं तक के छात्रों के लिए ऑफलाइन कक्षाएं संचालित करने के लिए आवश्यक विशेष दिशा-निर्देश जारी करेगी।
बता दें कि हरियाणा, पंजाब, उत्तराखंड, लक्षद्वीप, पुडुचेरी, नागालैंड, छत्तीसगढ़ और हिमाचल प्रदेश जैसे राज्यों ने अगस्त के पहले सप्ताह में स्कूल खोले जा चुके हैं। जबकि कुछ राज्यों ने जुलाई के अंत में भी उच्च कक्षाओं के लिए स्कूलों को फिर से खोल दिया था।