आज यानी कि सोमवार से कई राज्यों में स्कूल फिर से खुल रहे हैं। कोरोना वायरस के लिए जारी दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए स्कूलों को फिर से खोला जाएगा। जिन राज्यों में स्कूल और कॉलेजों को फिर से खोला जा रहा है, उनमें सूबे की सरकार पहले ही कोविड-19 प्रोटोकॉल के लिए दिशा-निर्देश जारी कर चुकी है। जिन राज्यों में स्कूल फिर से खुल रहे हैं उनमें मध्यप्रदेश और गुजरात शामिल है।
इसे भी पढ़ें-डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय: मुख्य परीक्षा के कार्यक्रम में फिर किया गया बदलाव
मध्यप्रदेश में ग्यारहवीं कक्षा से लेकर 12वीं कक्षा तक के छात्रों के लिए सोमवार से स्कूलों को फिर से खोला जा रहा है। विद्यार्थी स्कूल जाकर कक्षाएं अटेंड करेंगे। 50 फीसदी क्षमता के साथ स्कूलों को फिर से खोला जा रहा है। फिजिकल कक्षाओं के साथ ही वर्चुअल कक्षाएं पहले की तरह जारी रहेंगी। सूबे में नौवीं और दसवीं के छात्रों को कक्षाओं में 5 अगस्त से बुलाया जाएगा।
इसे भी पढ़ें-स्कूल रीओपनिंग : राजस्थान 02 अगस्त से नहीं खुलेंगे स्कूल - कॉलेज, 15 दिन टली योजना
11वीं और 12वीं के विद्यार्थियों के लिए हफ्ते में दो बार कक्षाएं होंगी। 11वीं के छात्र मंगलवार और शुक्रवार को स्कूल जा सकेंगे, जबकि 12वीं के छात्र सोमवार और गुरुवार को कक्षाओं में उपस्थित होंगे। इसी तरह से गुजरात में भी आज से सरकारी और निजी स्कूल खुल रहे हैं। नौवीं से लेकर बारहवीं कक्षा तक के छात्रों के लिए स्कूलों को फिर से खोला जा रहा है। सूबे में 50 फीसदी क्षमता के साथ विद्यार्थी कक्षाओं में आएंगे और कोरोना वायरस के लिए जारी दिशा-निर्देशों का पालन किया जाएगा।
इसके अलावा, कर्नाटक, ओडिशा और पंजाब में भी आज से स्कूल फिर से खुल रहे हैं। इन सभी राज्यों में सिर्फ सीनियर कक्षाओं के लिए स्कूल खुल रहे हैं। प्राइमरी कक्षाओं के लिए स्कूलों को खोले जाने को लेकर अभी घोषणा होना बाकी है।