जेईई मेन की अंतरिम उत्तर कुंजी जारी होने के बाद, एनटीए उम्मीदवारों को एक निश्चित समय अवधि के भीतर अंतरिम उत्तर कुंजी को चुनौती देने की अनुमति देगा। अंतिम उत्तर कुंजी के आधार पर जेईई मेन 2023 का परिणाम जारी किया जाएगा। जेईई मेन मार्किंग स्कीम के अनुसार, प्रत्येक सही उत्तर के लिए चार अंक दिए जाएंगे और प्रत्येक गलत उत्तर के लिए एक अंक काटा जाएगा। इसके अलावा, संख्यात्मक मान वाले उत्तरों के लिए, जेईई मेन 2023 सत्र 2 परीक्षा में कोई नकारात्मक अंक नहीं काटे जाएंगे।
इंजीनियरिंग दाखिलों के लिए देश की सबसे बड़ी प्रवेश परीक्षा जेईई मेन का दूसरा चरण शनिवार, 15 अप्रैल, 2023 को संपन्न हो चुका है। जेईई मेन परीक्षा समाप्त होने के बाद अब अंतरिम उत्तर कुंजी का छात्र इंतजार कर रहे हैं। विद्यार्थियों के रिकॉर्डेड रिस्पॉन्स, प्रश्न-पत्र एवं आंसर की जल्द ही जारी होना संभावित है।
बता दें कि देश के तमाम इंजीनियरिंग कॉलेजों में बीई / बीटेक / बी आर्क / बी प्लानिंग (BE/B Tech/B Arch/B Planning) जैसे पाठ्यक्रमों में दाखिले के लिए जेईई मेन परीक्षा राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (NTA) द्वारा पूरी तरह से कंप्यूटर आधारित मोड में आयोजित की गई थी। जेईई मेन परीक्षा 6, 8, 10, 11, 12, 13 और 15 अप्रैल, 2023 को हुई थी।
इसी के साथ नेशनल टेस्टिंग एजेंसी की ओर से जेईई मेन अप्रैल का एनटीए स्कोर एवं जनवरी व अप्रैल परीक्षा के उच्चतम एनटीए स्कोर के आधार पर ऑल इंडिया रैंक 29 अप्रैल, 2023 तक जारी कर दी जाएगी। क्योंकि 30 अप्रैल, 2023 से आईआईटी में दाखिलों के लिए जेईई एडवांस्ड परीक्षा की आवेदन प्रक्रिया प्रारंभ होगी। जेईई मेन के परिणाम के आधार पर ही चुने हुए शीर्ष 2.50 लाख विद्यार्थी एडवांस्ड देने के पात्र घोषित किए जाएंगे।