NTA JEE-Main 2024 : राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (एनटीए) के अधिकारियों के अनुसार, इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षा जेईई-मेन के लिए उपस्थित होने वाले उम्मीदवारों को टॉयलेट ब्रेक के बाद भी तलाशी और बायोमेट्रिक उपस्थिति से गुजरना होगा। इसके साथ ही अधिकारियों, पर्यवेक्षकों, स्टाफ सदस्यों और यहां तक कि जलपान परोसने में मदद करने वालों को भी इसी प्रक्रिया से गुजरना होगा।
जेईई मेन-2024 13 भाषाओं - अंग्रेजी, हिंदी, असमिया, बंगाली, गुजराती, कन्नड़, मलयालम, मराठी, उड़िया, पंजाबी, तमिल, तेलुगु और उर्दू में आयोजित किया जाएगा। कंप्यूटर आधारित टेस्ट (सीबीटी) 24 जनवरी से 01 फरवरी तक आयोजित किया जाएगा। जबकि इसका परिणाम 12 फरवरी 2024 को घोषित किया जाएगा। एनटीए को इस बार परीक्षा के लिए रिकॉर्ड 12.3 लाख रजिस्ट्रेशन मिले हैं। द्वि-वार्षिक परीक्षा का दूसरा संस्करण अप्रैल में आयोजित किया जाएगा।
संयुक्त प्रवेश परीक्षा (जेईई) मेन एनआईटी और आईआईआईटी जैसे केंद्रीय वित्त पोषित तकनीकी संस्थानों में प्रवेश के लिए स्क्रीनिंग परीक्षा है। मेरिट सूची के शीर्ष 20 प्रतिशत भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थानों (आईआईटी) की प्रवेश परीक्षा जेईई (एडवांस्ड) में बैठने के लिए पात्र हो जाते हैं।