भारत और ओमान ने भारतीय अध्ययन-हिंदी भाषा के आईसीसीआर चेयर की स्थापना पर एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर शनिवार को हस्ताक्षर किया है। विदेश मंत्रालय की तरफ से यह जानकारी साझा की गई है। ओमान के सुल्तान भारत की यात्रा पर है।
इसके अतिरिक्त मनी लॉन्ड्रिंग, संबंधित अपराधों और आतंकवाद के वित्तपोषण से संबंधित खुफिया जानकारी के आदान-प्रदान में सहयोग पर भारत की वित्तीय खुफिया इकाई (एफआईयू) और ओमान के राष्ट्रीय वित्तीय सूचना केंद्र (एनसीएफआई) के बीच एक और समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए गए। भारत सरकार और ओमान सरकार ने आधिकारिक कर्मचारियों के साथ आने वाले व्यक्तियों के लाभकारी रोजगार के संबंध में एक समझौते पर हस्ताक्षर किए।
ओमान के सुल्तान हैथम बिन तारिक की भारत यात्रा के दौरान दोनों देशों के बीच समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए गए। यात्रा के दौरान हैथम बिन तारिक ने उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ से मुलाकात की। उन्होंने शनिवार को नई दिल्ली के हैदराबाद हाउस में पीएम नरेंद्र मोदी के साथ प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता भी की।
दोनों नेताओं ने एक नया 'भारत-ओमान संयुक्त दृष्टिकोण, भविष्य के लिए साझेदारी' अपनाया, जिसके तहत दोनों देश दस अलग-अलग क्षेत्रों में काम करेंगे। बैठक में विदेश मंत्री एस जयशंकर, केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल, केंद्रीय राज्य मंत्री वी मुरलीधरन और विदेश सचिव विनय क्वात्रा भी मौजूद थे।