स्कूल ऑफ आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (ScAI), भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) दिल्ली ने एक नए स्नातकोत्तर कार्यक्रम, 'माइंडस' (MINDS) यानी 'मशीन इंटेलिजेंस एंड डेटा साइंस में एमटेक' की घोषणा की है। कार्यक्रम जुलाई 2022 में शुरू होगा। MINDS कार्यक्रम के लिए विज्ञान या इंजीनियरिंग में स्नातक डिग्री वाले छात्र पात्र होंगे।
आईआईटी ने कहा कि MINDS में एमटेक एक प्रमुख शैक्षिक कार्यक्रम होगा, जिसे 'उद्योग प्रायोजित कार्यक्रम' बनाने की योजना है। आईआईटी दिल्ली के एक आधिकारिक बयान में कहा गया है कि कार्यक्रम में नामांकित छात्र उद्योग जगत से संबंधित एआई समस्याओं के निदान पर काम करेंगे और उन्हें आईआईटी दिल्ली के एक प्रोफेसर और प्रायोजक कंपनी के एक शोधकर्ता द्वारा को-गाइड किया जाएगा।
MINDS कार्यक्रम के पाठ्यक्रम के बारे में बताते हुए, IIT दिल्ली ने कहा, इसमें स्नातक स्तर के डीप लर्निंग और डेटा माइनिंग जैसी कोर AI तकनीकों, कंप्यूटर विजन, प्राकृतिक भाषा प्रसंस्करण और स्वास्थ्य देखभाल के लिए AI ओरिएंटेड पाठ्यक्रम और आधुनिक एआई प्रौद्योगिकियों के तहत आधारभूत गणितीय पाठ्यक्रम आदि शामिल होंगे। यह स्कूल ऑफ आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (ScAI) की दूसरी डिग्री होगी, क्योंकि स्कूल पहले से ही आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस में पीएचडी की पेशकश कर रहा है।
आईआईटी, दिल्ली के निदेशक प्रोफेसर वी रामगोपाल राव ने कहा कि शैक्षणिक संस्थान आज खामोश नहीं रह सकते। उन्हें उद्योग, गैर-लाभकारी और सरकारी संगठनों सहित सभी हितधारकों के साथ मिलकर काम करना चाहिए। एमआईडीएस में एम.टेक कार्यक्रम एआई में अकादमिक-उद्योग सहयोग को सक्रिय करेगा।
हमारे पीएचडी कार्यक्रम ने अपने पहले वर्ष में बहुत रूचि दिखाई है। पिछले सेमेस्टर में एससीएआई में शामिल होने वाले पीएचडी छात्रों में हमारी सफलता दर 90% थी, जो हमारे जैसे युवा शैक्षणिक इकाई के लिए असाधारण है, क्योंकि छात्र आमतौर पर अधिक स्थापित शैक्षणिक कार्यक्रमों को पसंद करते हैं। लेकिन उन्होंने हमें चुना, यह सुझाव देते हुए कि हमने एआई में वास्तव में एक मजबूत फैकल्टी टीम बनाई है। - प्रोफेसर मौसम, ScAI के संस्थापक प्रमुख