हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड दसवीं का रिजल्ट 15 जून तक जारी करेगा। इस बात की जानकारी सूबे के शिक्षा मंत्री ने दी है। उन्होंने कहा कि बारहवीं कक्षा के परिणाम आंतरिक मूल्यांकन के जरिए घोषित किए जाएंगे। हालांकि, अभी बारहवीं कक्षा के रिजल्ट की तारीख जारी नहीं की गई है। उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी की वजह से अभी हालात परीक्षा करवाने के अनुकूल नहीं हैं। अगर कोई विद्यार्थी परीक्षा देना चाहता है, तो परिस्थितियां सामान्य होने के बाद उसके लिए परीक्षा आयोजित की जा सकती है।
इस साल करीब 7.5 लाख विद्यार्थियों को दसवीं और बारहवीं कक्षा के रिजल्ट का इंतजार है। गौरतलब है कि मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सीबीएसई की बारहवीं कक्षा की परीक्षा को रद्द करने की घोषणा की थी। इसके बाद से राज्यों के बोर्ड पर भी बारहवीं कक्षा की परीक्षा रद्द करने का दबाव बन गया था। इसके तुरंत बाद सीआईएससीई ने भी बारहवीं की परीक्षा रद्द कर दी थी। अब तक हरियाणा, गुजरात, मध्यप्रदेश और उत्तराखंड आदि बोर्ड बारहवीं की परीक्षा रद्द कर चुके हैं।