दिल्ली विश्वविद्यालय में स्नातकोत्तर के पाठ्यक्रमों में प्रवेश की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। इस प्रक्रिया के तहत आज 21 नवंबर 2021 को पहली मेरिट सूची के तहत आवेदन करने की आखिरी तारीख है। जो भी छात्र और छात्राएं विश्वविद्यालय के अंतर्गत आने वाले विभिन्न पाठ्यक्रमों में प्रवेश लेना चाहते हैं, वह जल्द से जल्द आवेदन कर दे। आवेदन प्रक्रिया आज रात 11.59 बजे तक चलेगी।
आवेदन करने के लिए उम्मीदवारों को दिल्ली विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट
admission.uod.ac.in पर जाना होगा। दिल्ली विश्विद्यालय के अंकर्गत आने वाले विभिन्न कॉलेजों द्वारा सोमवार 22 नवंबर 2021 को आवेदन करने वाले छात्रों को प्रवेश दिया जाएगा। इसके बाद छात्र अपना प्रवेश निश्चित करवाने के लिए 23 नवंबर 2021 तक अपनी फीस जमा कर पाएंगे। दिल्ली विश्वविद्यालय द्वारा सीट अलॉटमेंट की सूची आधिकारिक वेबसाइट पर ही जारी किया जाएगा।
केवल तीन मेरिट सूची जारी की जाएगी
दिल्ली विश्वविद्यालय द्वारा स्नातकोत्तर के पाठ्यक्रमों के लिए पहली मेरिट सूची 17 नवंबर 2021 को जारी की गई थी। इसके बाद 18 नवंबर 2021 से प्रवेश प्रक्रिया को शुरू किया गया था। दिल्ली विश्वविद्यालय द्वारा इस बार केवल तीन मेरिट सूची जारी की जाएगी, जबकि पिछले साल आठ मेरिट सूची जारी की गई थी। उम्मीदवार ध्यान दें कि विश्वविद्यालय द्वारा दूसरी मेरिट सूची 26 नवंबर 2021 और तीसरी मेरिट सूची 3 दिसंबर 2021 को जारी की जाएगी। मेरिट सूची का निर्धारण छात्रों को प्रवेश परीक्षा में मिले अंकों के आधार पर किया गया है।
आधिकारिक नोटिस के अनुसार दिल्ली विश्वविद्यालय (डीयू) में स्नातकोत्तर के पाठ्यक्रमों में कक्षाओं की शुरूआत 1 दिसंबर 2021 से होगी। विश्वविद्यालय द्वारा जारी किए गए अकादमिक कैलेंडर के अनुसार स्नातकोत्तर के पहले सत्र की परीक्षा 30 मार्च 2022 से शुरू होगी। वहीं दूसरे सत्र की परीक्षा का 16 अप्रैल 2022 से शुरू की जाएगी।
दिल्ली विश्वविद्यालय (डीयू) के अनुसार जिन उम्मीदवारों ने स्नातकोत्तर में प्रवेश के लिए आयोजित की गई प्रवेश परीक्षा को पास किया है, केवल वही उम्मीदवार प्रवेश की प्रक्रिया में भाग लेने के योग्य हैं।