CA Exam 2024: दिल्ली उच्च न्यायालय ने सीए इंटरमीडिएट और अंतिम परीक्षाओं को पुनर्निर्धारित करने की मांग करने वाली याचिका को आज यानी सोमवार 8 अप्रैल को सुनवाई के बाद खारिज कर दिया। संस्थान द्वारा पूर्व घोषित परीक्षा तारीखों में संशोधन देश में होने वाले 18वीं लोकसभा चुनावों की तारीखों की घोषणा किए जाने के बाद किया गया था। जिसमें छात्र फिर से संशोधन करने की मांग कर रहे थे। जिसे अब खारिज कर दिया गया है।
याचिकाकर्ताओं ने परिवहन और अन्य मुद्दों पर प्रकाश डाला जो आगामी लोकसभा चुनावों के कारण उत्पन्न हो सकते हैं, लेकिन पीठ का विचार था कि कोई भी नियम यह नहीं बताता है कि चुनाव के दौरान परीक्षा आयोजित नहीं की जा सकती हैं।
न्यायालय ने कहा कि "अधिकारी यह सुनिश्चित करने के लिए सक्रिय रहे हैं कि उम्मीदवारों का वोट डालने का अधिकार सीए परीक्षाओं से प्रभावित न हो।"
पीठ ने कहा, "आप चाहते हैं कि सीए परीक्षाएं स्थगित कर दी जाएं? क्या ऐसा कोई कानून है जो कहता है कि लोकसभा चुनाव के दौरान कोई परीक्षा नहीं हो सकती? यदि आप चुनाव के कारण पढ़ाई नहीं कर सकते तो सीए बनने का आपका कोई औचित्य नहीं है।"
न्यायालय ने आगे कहा, "कि केवल यह तथ्य कि परीक्षा देने वाले अभ्यर्थियों को परीक्षा देने में कठिनाई का सामना करना पड़ सकता है, यह अदालत के लिए परीक्षा को पटरी से उतारने का आधार नहीं हो सकता है, जो लगभग 4.26 लाख अभ्यर्थियों द्वारा दी जानी है।"