देश में शिक्षक भर्ती की तैयारी करने वाले अभ्यर्थियों के लिए खुशखबरी है क्योंकि शिक्षकों की भर्ती के लिए केंद्रीय स्तर पर होने वाली पात्रता परीक्षा का इंतजार अब खत्म हो चुका है। बता दें कि केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) द्वारा केंद्रीय शिक्षक पात्रता परीक्षा (CTET) 16 दिसंबर, 2021 से 13 जनवरी, 2022 के बीच कंप्यूटर आधारित टेस्ट (CBT) मोड में किया जाएगा, जिसके लिए 20 सितंबर से आवेदन प्रक्रिया शुरू हो रही है।
अभी तक यह परीक्षा ऑफलाइन आयोजित की जाती थी। लेकिन कोरोना संक्रमण के कारण बोर्ड ने ऑनलाइन परीक्षा लेने का फैसला किया है। पूरे देश में परीक्षा का आयोजन 20 भाषाओं में होगा। इच्छुक उम्मीदवार पूरी जानकारी ऑफिशियल वेबसाइट पर जाकर ले सकते हैं। ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 20 सितंबर से 19 अक्तूबर तक चलेगी।
CBSE द्वारा आयोजित होने वाली इस पात्रता परीक्षा में बाकी राज्यों की शिक्षक पात्रता परीक्षा की तुलना में भारी संख्या में अभ्यर्थी शामिल होते हैं, क्योंकि CTET में सफल होने के बाद अभ्यर्थी देश भर के किसी भी केंद्रीय स्कूल में पढ़ा सकते हैं।