30 से अधिक टीमों ने की छापेमारी
शिकायत के बाद सीआईडी ने बुधवार को 38 शिक्षकों को गिरफ्तार कर छापेमारी की। सीआईडी ने कहा कि 24 शिक्षकों को कोलार से, पांच को बेंगलुरु दक्षिण से, तीन को चिक्कबल्लापुरा से और पांच को चित्रदुर्ग से गिरफ्तार किया गया है। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा कि अन्य का पता लगाने का प्रयास जारी है और उन्हें जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इस पूरे ऑपरेशन के दौरान 30 से अधिक टीमों ने एक साथ कार्रवाई की।
शिक्षा विभाग ने सीआईडी को दी रिपोर्ट
छापेमारी को 18 उपाधीक्षकों और 14 निरीक्षकों ने अन्य कर्मियों के साथ मिलकर अंजाम दिया। शिक्षा विभाग ने आंतरिक जांच के बाद हाल ही में सीआईडी को एक रिपोर्ट सौंपी थी, जिसमें भ्रष्टाचार के जरिए नियुक्त किए गए शिक्षकों का विवरण दिया गया था। रिपोर्ट के आधार पर सीआईडी ने विशेष टीमों का गठन कर छापेमारी की।
दो थानों में दर्ज हुआ था मामला
अगस्त और सितंबर में विधान सौधा पुलिस थाने और हलासुरु गेट पुलिस थाने में शिकायत दर्ज होने के बाद यह घोटाला सामने आया। इसकी गंभीरता को देखते हुए सरकार ने विस्तृत जांच के लिए मामले को सीआईडी को सौंप दिया।
पहले भी हो चुकी हैं बड़ी गिरफ्तारियां
इससे पहले सीआईडी अधिकारियों ने शिक्षा विभाग के निदेशकों और पूर्व संयुक्त निदेशकों सहित 22 लोगों को गिरफ्तार किया था। साथ ही 12 शिक्षकों को भी गिरफ्तार किया था, जिन्होंने अवैध रूप से नौकरी हासिल की थी और कई वर्षों से सेवा कर रहे थे।