सीबीएसई बोर्ड परीक्षा लेटेस्ट न्यूज अपडेट
- फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
सीबीएसई ने सोमवार को सुप्रीम कोर्ट को बताया कि 12वीं कक्षा के छात्रों के लिए वैकल्पिक परीक्षा 15 अगस्त से 15 सितंबर, 2021 के बीच आयोजित की जाएगी। कोविड -19 महामारी से संबंधित अनुकूल वातावरण होने पर यह परीक्षा आयोजित की जाएगी। इस परीक्षा में वे तमाम छात्र बैठ सकते हैं जो मूल्यांकन से संतुष्ट नहीं होंगे। इसी तरह प्राइवेट, पत्राचार और कंपार्टमेंट की परीक्षाएं भी एक तारीख पर आयोजित की जाएंगी। विवाद समाधान तंत्र को लेकर शीर्ष अदालत के सुझाव पर सीबीएसई ने कहा है कि रिजल्ट की गणना से संबंधित सभी मामलों को बोर्ड द्वारा गठित एक समिति को भेजा जाएगा।
सुप्रीम कोर्ट में अतिरिक्त हलफनामा दायर कर सीबीएसई ने कहा है कि 31 जुलाई तक 12वीं के परिणाम घोषित होने के बाद यदि छात्र रिजल्ट संतुष्ट नहीं हुए तो सीबीएसई, छात्रों को परीक्षा के लिए पंजीकरण के लिए ऑनलाइन सुविधा प्रदान करेगा। बोर्ड द्वारा परीक्षा केवल मुख्य विषयों में आयोजित की जाएगी और यह परीक्षा तब होगी जब परीक्षा आयोजित करने के लिए अनुकूल परिस्थितियां होंगी।
यह भी पढ़ें :
लोक सेवा परीक्षा : बहुत पावरफुल होते हैं एसडीओ-एसडीएम, आप भी ऐसे बन सकते हैं अधिकारी
इससे पहले केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने 17 जून, 2021 को 12वीं कक्षा के रिजल्ट के लिए मूल्यांकन मानदंड जारी किए थे, जिन्हें सुप्रीम कोर्ट ने स्वीकार कर लिया था। बोर्ड ने 12वीं कक्षा के रिजल्ट के लिए 30:30:40 का मूल्यांकन फॉर्मूला दिया था। तब सुनवाई के दौरान कोर्ट ने बोर्ड से शिकायत निवारण तंत्र, वैकल्पिक परीक्षा की तारीख आदि चीजों को शामिल करने के लिए कहा था। इस संबंध में सोमवार, 21 जून की सुनवाई के दौरान सीबीएसई ने सुप्रीम कोर्ट में जवाबी हलफनामा दायर किया है।