देश के प्रमुख विश्वविद्यालयों में शुमार पश्चिम बंगाल की राजधानी स्थित कलकत्ता विश्वविद्यालय की प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो गई है। कलकत्ता विश्वविद्यालय ने अपनी प्रवेश परीक्षा 2021 का शेड्यूल जारी किया है। हजारों विद्यार्थी प्रत्येक वर्ष प्रतिष्ठित कलकत्ता विश्वविद्यालय में दाखिले के लिए आवेदन करते हैं, मगर सीमित सीट संख्या के कारण कुछ को ही प्रवेश मिल पाता है।
शैक्षणिक सत्र 2021-22 के लिए कलकत्ता विश्वविद्यालय ने अपने स्नातक (यूजी) और स्नातकोत्तर (पीजी) पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए होने वाले एंट्र्रेस टेस्ट का एग्जाम शेड्यूल अपनी आधिकारिक वेबसाइट
https://www.caluniv.ac.in/ पर जारी कर दिया है। कलकत्ता यूनिवर्सिटी के यूजी / पीजी कोर्सेज की प्रवेश परीक्षा मंगलवार, 17 अगस्त, 2021 से आयोजित की जाएगी। विश्वविद्यालय की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, अलग- अलग संकाय व पाठ्यक्रमों मे दाखिले के लिए अलग- अलग प्रवेश परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी।
जानकारी के अनुसार, एमएससी पर्यावरण विज्ञान के लिए प्रवेश परीक्षा 17 अगस्त को सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक आयोजित की जाएगी। वहीं, मास्टर ऑफ सोशल वर्क्स (MSW) प्रवेश दोपहर 02 बजे से शाम 04 बजे तक आयोजित किया जाएगा। जबकि, एमएससी फॉरेंसिक साइंस और एमएससी फिजिक्स और एमएससी रेडिएशन फिजिक्स, मास्टर ऑफ थिएटर आर्ट्स (एमटीए) की प्रवेश परीक्षा 18 अगस्त, 2021 को होगी।
उधर, विश्वविद्यालय के प्रवेश परीक्षा कार्यक्रम के अनुसार, एमएससी एप्लाइड केमिस्ट्री, एमटेक नैनो साइंस एंड टेक्नोलॉजी, एमएससी एप्लाइड जूलॉजी और एमए मलयालम लैंग्वेज एंड लिटरेचर में शामिल होने के इच्छुक उम्मीदवारों को 25 अगस्त, 2021 को प्रवेश परीक्षा देनी होगी। वहीं, एमए महिला अध्ययन और एमए तुलनात्मक साहित्य में प्रवेश के लिए प्रवेश परीक्षा 26 अगस्त को क्रमश: सुबह 10 बजे और दोपहर 02 बजे तक होगी। गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल के राज्य संचालित विश्वविद्यालय शिक्षकों के कई संघों ने मांग की थी कि स्नातक और स्नातकोत्तर स्तर पर प्रवेश परीक्षा आयोजित करने के मुद्दे पर निर्णय लेने के लिए विश्वविद्यालयों को स्वायत्तता दी जानी चाहिए।