पुलिस ने मुख्य आरोपी और उसके दो दोस्तों को किया गिरफ्तार
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। गोकलपुरी इलाके में इंस्टाग्राम पर लड़की से बातचीत को लेकर हुए विवाद में माहिर उर्फ इमरान की हत्या की गई थी। पुलिस ने मृतक के फोन कॉल डिटेल और सीसीटीवी कैमरे की मदद से वारदात को अंजाम देने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। लड़की की मुख्य आरोपी अरमान से पहले इंस्टाग्राम के जरिए दोस्ती हुई थी, बाद में वह माहिर से बात करने लगी। इसकी वजह से आरोपी ने लड़की से उसका मोबाइल छीन लिया था।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि 27 दिसंबर को मुख्य आरोपी ने साजिश के तहत माहिर को फोन लेने के लिए भागीरथी विहार में बुलाया और दो दोस्तों के साथ मिलकर उसकी हत्या कर दी। अरमान गली नंबर दस भागीरथी विहार में अपने पिता के साथ जनरल स्टोर चलाता था। उसका दोस्त फैजल एलसीडी टीवी की मरम्मत करने वाले दुकान में काम करता था। वहीं तीसरा आरोपी समीर स्क्रैप डीलर की दुकान में काम करता था। तीनों आरोपी दोस्त हैं और भागीरथी विहार के अलग-अलग गली में रहते हैं। पुलिस ने इनके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल चाकू और उनके कपड़े बरामद किए हैं। पुलिस अधिकारी ने बताया कि 27 दिसंबर की रात नौ बजे पुलिस को गोकलपुरी के भागीरथी विहार गली नंबर 11 में एक युवक की चाकू मारकर हत्या किए जाने की जानकारी मिली। युवक पर 50 से अधिक चाकू के वार किए गए थे और उसकी मौके पर ही मौत हो गई थी। मृतक की शिनाख्त गली नंबर दो विजय विहार, लोनी गाजियाबाद, यूपी निवासी माहिर उर्फ इमरान के रूप में हुई। गोकलपुरी थाना पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया। जांच में पता चला कि माहिर पहाड़गंज में एक फ्लेक्स बोर्ड बनाने की दुकान में काम करता था। पुलिस इस बात की जांच में जुट गई कि माहिर गोकलपुरी क्यों आया था और उसकी हत्या किसने की। पुलिस ने चार टीमें गठित कर जांच शुरू की।
कॉल डिटेल से हुआ खुलासा
सीसीटीवी की जांच के दौरान पुलिस ने देखा कि माहिर गली नंबर 11 में तीन युवकों से मिलता है। कुछ देर इनके बीच बातचीत होती है और फिर तीनों उस पर चाकू से ताबड़तोड़ वार करने लगते हैं। माहिर वहां से भागने की कोशिश करता है, लेकिन हमलावर उसका पीछा कर उस पर 50 से अधिक चाकू से वार कर उसकी हत्या कर देते हैं। माहिर के कॉल डिटेल की जांच करने पर पता चला कि वह लगातार अरमान से बात कर रहा था। सीसीटीवी कैमरे में भी एक हमलावर की पहचान अरमान के रूप में हुई। उसके बाद पुलिस ने अरमान को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने अपना गुनाह कबूल कर लिया। उसके निशानदेही पर पुलिस ने वारदात में शामिल दो अन्य आरोपी फैजल और समीर को गिरफ्तार कर लिया।
लड़की से बातचीत को लेकर था विवाद
पूछताछ के बाद पुलिस ने बताया कि इलाके में रहने वाली एक लड़की अरमान और माहिर की फ्रेंड थी। पहले अरमान की इंस्टाग्राम के जरिए उस लड़की से दोस्ती हुई थी, बाद में उसकी माहिर से दोस्ती हो गई। एक दिन माहिर लड़की के घर गया, जहां उसने उसे अरमान से वीडियो कॉल पर बातचीत करते देखा। माहिर ने अरमान को गाली दी। उसके बाद वह लगातार अरमान को फोन कर लड़की से बातचीत करने से मना करता रहा। इससे परेशान होकर अरमान ने लड़की का आईफोन छीन लिया।