डब्ल्यूडब्ल्यूई फेम ‘द ग्रेट खली’ ने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल से शिष्टाचार भेंट की। इस मुलाकात के बाद मुख्यमंत्री ने ट्वीट कर कहा पहलवान ‘द ग्रेट खली’ से मिला। उन्होंने भारत को दुनिया भर में गौरवांवित किया है। उन्हें दिल्ली में बिजली, पानी, स्कूल और अस्पताल पर किया गया काम पसंद आया।
मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि दिल्ली सरकार दिल्ली के सभी एथलीट को सहयोग देने के लिए कई योजनाएं चला रही है। ‘प्ले एंड प्रोग्रेस’ स्कीम के तहत दिल्ली सरकार युवा एथलीटों को उनके पोषण, किट और प्रशिक्षण के लिए तीन लाख रुपए की वित्तीय सहायता दे रही है। इस दौरान ‘द ग्रेट खली’ ने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व में दिल्ली में हुए ऐतिहासिक विकास की सराहना की और समाज की बेहतरी के लिए दिल्ली सरकार के प्रयासों का समर्थन करने के लिए रुचि और इच्छा दिखाई।
मशहूर पहलवान दलीप सिंह राणा की केजरीवाल से मुलाकात के दौरान उनके साथ आम आदमी पार्टी के विधायक व पंजाब प्रभारी जरनैल सिंह भी थे। खली ने अपने गृह राज्य पंजाब में युवा खिलाड़ियों के सामने आने वाली कठिनाइयों पर चिंता जाहिर की। युवाओं में नशीले पदार्थों के बढ़ते खतरे के संदर्भ में पंजाब की व्यथा से भी परिचित कराया। कहा कि पंजाब के युवा अवैध मादक द्रव्यों का सेवन करने का लालच देने के बाद ड्रग माफिया के चंगुल में फंस जाते हैं।