नई दिल्ली। उत्तर-पूर्वी दिल्ली के गोविंदपुरी स्थित तुगलकाबाद एक्सटेंशन में एक शख्स ने पत्नी की गला घोंटकर हत्या कर दी। मृतका की शिनाख्त झरना (30) के रूप में हुई है। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी पति नंदा नायक उर्फ नंदू को गिरफ्तार कर लिया है। रविवार को हत्या के प्रयास के एक मामले में नंदू को समर्पण करना था। वह 2 जून से जमानत पर जेल से बाहर आया हुआ था। परिजनों का आरोप है कि उसी केस को वापस लेने के लिए आरोपी लगातार परिवार पर दबाव बना रहा था।
जिला पुलिस उपायुक्त आरपी मीणा ने बताया कि शनिवार को गोविंदपुरी थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि एक महिला घर में मृत पड़ी है। पुलिस की टीम तुगलकाबाद एक्सटेंशन के मकान में पहुंची। कमरे पर बाहर से ताला लगा था। पुलिस ने कमरे का ताला तोड़ा तो अंदर बिस्तर पर महिला का शव पड़ा था। उसके गले पर चुन्नी लिपटी थी। पड़ोस में रहने वाले मृतका झरना के परिजन भी वहां पहुंच गए। गला घोंटकर झरना को मौत के घाट उतारा गया था।
परिजनों ने शक जाहिर किया कि झरना की हत्या उसके पति नंदू ने की है। दरअसल नंदू और झरना का कई साल से विवाद चल रहा था। 2017 में नंदू ने पत्नी पर हमला किया था। झरना के भाई व जीजा ने बचाने का प्रयास किया था तो आरोपी ने उन पर भी चाकू से हमला किया था। पुलिस ने उसी समय हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया था। इस मामले में दो जून को नंदू जमानत पर आया था। परिवार का आरोप है कि जेल से आने के बाद नंदू झरना और बाकी परिजनों पर हत्या के प्रयास का केस वापस लेने के लिए धमकी दे रहा था। आरोप है कि शनिवार को गुस्से में नंदू ने पत्नी की गला घोंटकर हत्या कर दी।