बेगमपुर इलाके में चोरी की नीयत से निर्माणाधीन मकान में घुसे एक युवक की पीट-पीट कर हत्या कर दी। अचेत होने के बाद आरोपियों ने उसे मकान के बाहर फेंक दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने युवक को पास के अस्पताल में पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। निर्माणाधीन मकान के गार्ड से पूछताछ में हत्या और सबूत छुपाने का मामला सामने आया और पुलिस ने प्रॉपर्टी डीलर, उसके बेटे, दो रिश्तेदार और गार्ड को गिरफ्तार कर लिया।
जहांगीरपुरी इलाके में बृहस्पतिवार रात बच्चों की साइकिल टकराने की बात पर दो परिवार आपस में भिड़ गए। इस दौरान एक पक्ष ने दूसरे पक्ष पर चाकू और लाठी-डंडे से हमला कर दिया। इसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि तीन लोग घायल हो गए।
उत्तर पूर्वी जिला स्पेशल स्टाफ ने जीटीबी एन्क्लेव में हुए टेंट कारोबारी की हत्या में दो बदमाशों को गिरफ्तार किया है। नंदनगरी इलाके में शुक्रवार तड़के करीब 3.20 बजे बदमाशों ने पुलिस टीम पर गोली चलाने की कोशिश की लेकिन दोनों को दबोच लिया। एक आरोपी ने बताया कि पवन गोयल और उसके भाई प्रवीण से बदला लेने के लिए वारदात को अंजाम दिया।
आरोपियों की पहचान नंदनगरी निवासी संदीप गुर्जर और विकास के रूप में हुई है। संदीप टीलू गैंग का बदमाश है। 15 जून को जीटीबी एन्क्लेव के जनता फ्लैट्स निवासी टेंट कारोबारी पवन गोयल की ग्रीन फील्ड स्कूल के पास गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। जांच के दौरान 17 जून को पुलिस को बदमाशों के बारे में सूचना मिली।